अज्ञात वृद्ध को मिली सम्मानजनक विदाई
पुलिस और समाजसेवियों ने निभाया मानवता का धर्म।
विगत कई वर्षों से अज्ञात शवो का सम्मान के साथ समिति सदस्यों द्वारा किया जा रहा है अंतिम संस्कार।
खंडवा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मानवता की मिसाल पेश करते हुए पुलिस प्रशासन और समाजसेवियों ने एक अज्ञात वृद्ध का ससम्मान अंतिम संस्कार कराया। मृतक की पहचान नहीं होने और परिजनों के सामने नहीं आने पर समाजसेवियों ने आगे बढ़कर अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई। समाजसेवी एवं पूर्व निमाड सामाजिक सांस्कृतिक सेवा समिति के सदस्य सुनील जैन ने बताया कि जानकारी के अनुसार 5-6 मई की दरमियानी रात भुसावल-खंडवा डाउन रेलवे ट्रैक पर खंभा नंबर 565/10-12 के बीच करीब 60 वर्षीय अज्ञात वृद्ध का शव मिला था। प्रारंभिक जांच में वृद्ध की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होना सामने आया। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग क्रमांक 30/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि खंडवा में सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने वाली पूर्व निमाड़ सामाजिक सांस्कृतिक सेवा समिति विगत कई वर्षों से बिना जाति भेदभाव के अज्ञात शवो का अंतिम संस्कार विधि विधान सम्मान के साथ किया जा रहा है। सैकड़ो की संख्या में अज्ञात शवो का अंतिम संस्कार समिति के सदस्यों द्वारा किया जा चुका है। अंतिम संस्कार के साथ वर्ष में पीत्र अमावस्या के दिन सभी मृत आत्माओं की शांति के लिए तर्पण, हवन का कार्यक्रम भी आयोजित होता है।
ट्रेक पर मिले अज्ञात वृद्ध के परिजनों की तलाश रही जारी
पुलिस ने मृतक की पहचान और परिजनों की तलाश के प्रयास किए, लेकिन कोई वारिस सामने नहीं आया। इसके बाद राजा हरिश्चंद्र मुक्तिधाम में पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल
अंतिम संस्कार में स.उ.नि. प्रकाश ठाकरे, आशिक पंवार, विक्रम बोयत, जुबैर पटेल, रियासत अली और मोहम्मद मुबारक पटेल सहित समाजसेवियों ने सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर मानवता और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक के संबंध में जानकारी हो तो संबंधित थाने में संपर्क करें।











