
रेड क्रॉस सप्ताह के अंतर्गत आज दिनांक 4 मई को जिला रेड क्रॉस सोसाइटी, खंडवा के तत्वावधान में कलेक्टर सभा कक्ष में जिले के समस्त हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई
। बैठक का मुख्य उद्देश्य कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों हेतु सभी विद्यालयों में जूनियर रेड क्रॉस (JRC) इकाइयों का गठन सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्री ऋषभ गुप्ता ने सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में एक सक्रिय शिक्षक को कार्यक्रम अधिकारी के रूप में नियुक्त करें। उन्होंने बताया कि इसी कार्यक्रम अधिकारी के माध्यम से प्रत्येक विद्यालय में जूनियर रेड क्रॉस इकाई का गठन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों द्वारा शुल्क के रूप में जमा किए जाने वाले रेड क्रॉस अंशदान का उपयोग जूनियर रेड क्रॉस गतिविधियों के संचालन में किया जाएगा।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जूनियर रेड क्रॉस के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं मित्रता की भावना विकसित की जा सकती है। यह इकाई न केवल विद्यार्थियों को समाजसेवा, नेतृत्व क्षमता और मानवीय मूल्यों से जोड़ती है, बल्कि विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार जैसे कार्यों को भी प्रभावी रूप से संचालित करने में सहायक होगी।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री ऋषभ गुप्ता द्वारा श्रीमती संगीता सोनवाने को जूनियर रेड क्रॉस का जिला काउंसलर नियुक्त किया गया। साथ ही प्रत्येक विकासखंड में भी काउंसलर नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में इन काउंसलरों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्राथमिक उपचार, सीपीआर, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण एवं जल संरक्षण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन श्री आशीष अग्रवाल ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जूनियर रेड क्रॉस इकाई के गठन की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने सदस्यता, काउंसलर नियुक्ति, छात्र प्रतिनिधि चयन, कार्यकारिणी गठन, शपथ ग्रहण तथा रेड क्रॉस के सिद्धांतों की जानकारी दी। साथ ही स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सेवा एवं सामाजिक कार्यों के अंतर्गत किए जाने वाले प्रमुख कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिला रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा मार्गदर्शन, समन्वय, प्रशिक्षण, सामग्री उपलब्धता एवं प्रोत्साहन निरंतर प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला चेयरमैन श्री अखिलेश गुप्ता एवं सचिव श्री भानुभाई पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी विद्यालयों में जूनियर रेड क्रॉस इकाइयों का कार्य जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से संचालित होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।
जिला प्रभारी अधिकारी सुश्री दीक्षा भगोरे ने सभी प्राचार्यों से आग्रह किया कि वे इस पहल को गंभीरता एवं सक्रियता के साथ अपने विद्यालयों में लागू करें। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों में शैक्षणिक विकास के साथ-साथ मानव सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होगी और वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनकर देश की सेवा कर सकेंगे।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी.एस. सोलंकी, श्री संदीप जोशी, रेड क्रॉस सोसाइटी से श्री अनिल बाहेती, श्री रविन्द्र सिंह, श्री आशीष पारे, श्री नागेश वालजंकर, श्री योगेश कोटवाले सहित जिले के सभी हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
प्रेस विज्ञप्ति (अगला सत्र)
जिला रेड क्रॉस सोसाइटी, खंडवा
दिनांक: 04 मई 2026
रेड क्रॉस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम के अगले सत्र में यूथ रेड क्रॉस (YRC) इकाइयों के गठन हेतु जिले के समस्त शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक कलेक्टर सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में एस.एन. कॉलेज से श्री सोमपाल सिंह, जीडीसी कॉलेज से श्री विनय जैन, दादाजी इंजीनियरिंग कॉलेज सहित जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्री ऋषभ गुप्ता ने सभी महाविद्यालयों को निर्देशित किया कि वे शीघ्रातिशीघ्र यूथ रेड क्रॉस इकाई के गठन की प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत महाविद्यालय का राज्य रेड क्रॉस इकाई में पंजीयन, एक कार्यक्रम अधिकारी की नियुक्ति, छात्र-छात्राओं की कार्यकारिणी का गठन तथा शपथ ग्रहण के माध्यम से यूथ रेड क्रॉस इकाई का विधिवत गठन किया जाएगा।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने यूथ रेड क्रॉस के प्रमुख कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सेवा कार्य, सामाजिक उत्तरदायित्व, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, रक्तदान एवं नशामुक्ति जैसे जनहितकारी कार्यों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने इन गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने पर विशेष बल दिया। बैठक में एस एन कॉलेज के प्राध्यापक विपिन जैन को yrc का काउन्सलर बनाया गया।
कार्यक्रम में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन श्री आशीष अग्रवाल ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से यूथ रेड क्रॉस इकाइयों को प्रदान किए जाने वाले सहयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा प्रशिक्षण, सामग्री उपलब्धता (रेड क्रॉस ध्वज, बैज, साहित्य, प्रमाणपत्र एवं प्रचार सामग्री), मार्गदर्शन एवं समन्वय का निरंतर सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही समय-समय पर जिला स्तरीय शिविर, प्रतिभा रैली, संगोष्ठी एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले महाविद्यालयों, कार्यक्रम अधिकारियों एवं विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला चेयरमैन श्री अखिलेश गुप्ता एवं सचिव श्री भानुभाई पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में जिले भर से आए महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य उपस्थित रहे।











