
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। जिले के तीन होनहार छात्रों ने राज्य की मेरिट सूची में स्थान बनाकर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।
ताहिरा ख़ान ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि ओंकार केवट ने पांचवीं रैंक हासिल की। वहीं भूमिका ने सातवीं रैंक प्राप्त कर जिले को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई। तीनों विद्यार्थियों की इस सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
छात्रों की उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान मिठाई खिलाकर बधाई दी गई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का यह उत्कृष्ट परिणाम है।
परिजनों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जताते हुए इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। शिक्षा विभाग ने उम्मीद जताई है कि आने वाले वर्षों में जिले के विद्यार्थी और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।








