जिला जेल में 26 अप्रैल को लगेगी “विशेष लोक अदालत” ,कैदियों को मिलेगा त्वरित न्याय का अवसर
—
खण्डवा//न्याय तक आसान पहुंच और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से दिनांक 26 अप्रैल रविवार को जिला जेल खंडवा में विशेष जेल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खंडवा श्री संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न होगा।
जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह ने बताया कि इस विशेष पहल के तहत जेल में निरुद्ध बंदियों के प्रकरणों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक अधिकारियों, पैनल अधिवक्ताओं, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, जेल प्रशासन एवं पुलिस विभाग के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। ऐसे प्रकरणों की पहचान पूर्व में ही कर ली गई है, जिनमें समझौता, कंपाउंडेबल अपराध, छोटे-मोटे अपराध तथा प्ली बार्गेनिंग के माध्यम से निराकरण संभव है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत से पहले प्री-सिटिंग के माध्यम से बंदियों को उनके मामलों की स्थिति, लोक अदालत के लाभ तथा संभावित समाधान के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इस कार्य में पैरालीगल वॉलंटियर्स की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी, जो बंदियों को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करेंगे। विशेष जेल लोक अदालत के लिए आवश्यकता अनुसार अलग अलग बेंचों का गठन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक मामलों का त्वरित निराकरण हो सके। साथ ही, आवश्यकता अनुसार वर्चुअल माध्यम से भी पक्षकारों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस आयोजन से न केवल लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा होगा, बल्कि बंदियों को न्याय प्रणाली में विश्वास और राहत का अनुभव भी होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खंडवा द्वारा यह प्रयास न्याय को सरल, सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।













