विश्व क्षय दिवस पर जन जागरूकता रैली सम्पन्न
—
खण्डवा//
मंगलवार को विश्व क्षय दिवस के अवसर पर मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय खंडवा से टीबी के प्रति समुदाय में जागरूकता हेतु जन जागरूकता रैली को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रश्मि कौशल, जिला क्षय अधिकारी डॉ. शक्तिसिंह राठौड़, डॉ. अतुल माने, डॉ. एम.एल. कलमें, डॉ. नितिन कपूर, डॉ. सुजीत वर्मा, अधीक्षक डॉ. रंजीत बड़ोले, चिकित्सक, नर्सिंग ऑफिसर उपस्थित थे। यह रैली जिला अस्पताल परिसर से प्रारंभ होकर नगर निगम तिराहा, घंटा घर, केवलराम चौराहा, फूल गली, बजरंग चौक, जलेबी चौक से होते हुए अस्पताल परिसर पर सम्पन्न हुई। रैली में मेडिकल कॉलेज खंडवा के छात्र, एनसीसी कैडेट्स, नर्सिंग छात्राएं, साईं कॉलेज के विद्यार्थी, आशा कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्था के प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित होंगे ये कार्यक्रम
नोडल अधिकारी डॉ. शक्तिसिंह राठौड़ ने इस दौरान बताया कि विश्व क्षय दिवस से 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य उच्च जोखिम क्षेत्रों एवं संवेदनशील जनसंख्या में सक्रिय टीबी की पहचान, शीघ्र निदान, उपचार, पोषण सहायता तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से टीबी के प्रसार को रोकना है। इस अभियान के तहत शहरी क्षेत्रों में चिन्हित वार्डों व सामूहिक स्थानों स्लम झुग्गी बस्तियां, निर्माण स्थल, बाजार, बस व रेलवे स्टैण्ड, औद्योगिक क्षेत्र, जेल व अन्य स्थानों पर तथा उच्च जोखिम गांवों में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से मरीजों की स्क्रीनिंग की जायेगी। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में शिविर लगाकर हैंड हेल्ड एक्स रे के माध्यम से टीबी स्क्रीनिंग व एनीमिया की जांच की जायेगी। निक्षय मित्र पहल के माध्यम टी.बी. मरीजों को पोषण सहायता दी जायेगी।










