
गुड़ी पड़वा पर पारंपरिक उल्लास, सूर्य अर्घ्य के साथ हुआ हिन्दू नववर्ष का स्वागत
घंटाघर उद्यान में सामाजिक सांस्कृतिक सेवा समिति का आयोजन, बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु
खंडवा। हिन्दू नववर्ष गुड़ी पड़वा का पर्व शहर में श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। नववर्ष के स्वागत को लेकर शहरभर में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा अनेक आयोजन किए गए। पिछले एक पखवाड़े से चल रही तैयारियों का उत्साह पर्व के दिन स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
पूर्व निमाड़ सामाजिक सांस्कृतिक सेवा समिति के तत्वाधान में प्रातः 6 बजे शहर के प्रमुख स्थल घंटाघर उद्यान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूर्योदय के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए और तांबे के पात्र से सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर नववर्ष का शुभारंभ किया। श्रद्धालुओं ने पुष्प, कुमकुम एवं अक्षत से विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
केसरिया वेश में मातृशक्ति की उत्साहपूर्ण भागीदारी
आयोजन में बड़ी संख्या में मातृशक्ति केसरिया वस्त्र धारण कर शामिल हुई, जिससे वातावरण भक्तिमय और आकर्षक बन गया। सामूहिक सूर्य वंदना के साथ नवसंवत्सर का अभिनंदन किया गया।
धार्मिक परंपराओं के साथ नवसंवत्सर का आगाज
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि हिन्दू नववर्ष अनेक पौराणिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। चैत्र शुक्ल पक्ष के साथ ही नवसंवत्सर का शुभारंभ हुआ, वहीं इसी दिन से चैत्र नवरात्रि का भी प्रारंभ हो गया है, जिसमें नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना की जाएगी।
राजवाड़ा की तर्ज पर आयोजन, भव्यता बढ़ाने का संकल्प
समिति संयोजक आशीष चटकेले ने बताया कि यह आयोजन इंदौर के राजवाड़ा की तर्ज पर प्रतिवर्ष किया जाता है। समिति ने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में इस कार्यक्रम को और अधिक भव्य और व्यापक रूप दिया जाएगा। सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम में आशीष चटकेले, भूपेंद्र सिंह चौहान, नागेश वालांजकर, सोमनाथ काले, सुनील जैन, संजय दुबे, रितेश चौहान, मंगलेश शर्मा, मंगलेश तोमर, शोभा तोमर, चेतना शर्मा, ममता बोरसे, आशा उपाध्याय, डॉ. मोहन पटेल, सोनल पाटीदार, अन्नपूर्णा तंवर, धर्मेंद्र जौहरी, प्रदीप कानूगो, डॉ. राधेश्याम पटेल, शर्मिष्ठा तोमर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मातृ शक्ति उपस्थित रही।









