
*अमृत मित्र महोत्सव में खण्डवा निगम की स्व-सहायता समूह की महिलाओं की सहभागिता*
खण्डवा//
अमृत 2.0 मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिलाओं, जिन्हें “अमृत मित्र” के नाम से जाना जाता है, उनके अतुलनीय योगदान को रेखांकित करने के उद्देश्य से आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा भारत मंडपम, नई दिल्ली में ‘अमृत मित्र महोत्सव’ का आयोजन किया गया। इस महोत्सव में नगर पालिक निगम खण्डवा से 6 स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सम्मिलित होने का सुअवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में खण्डवा निगम से शामिल महिलाओं का नेतृत्व एनयूएलएम सीओ श्रीमती रजनी सोनी एवं सोशल एक्सपर्ट श्री राजेश बिरला द्वारा किया गया। इस अवसर पर देशभर से आई अमृत मित्र महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए शहरी विकास, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं सामुदायिक भागीदारी के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और कार्यों पर चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री माननीय श्री मनोहर लाल जी ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अमृत मित्र पहल शहरी विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व को सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि इस पहल के अंतर्गत जल संरक्षण, स्वच्छता और शहरी प्रबंधन के क्षेत्र में हमारी माताओं-बहनों ने नवाचारों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित कर एक नई मिसाल पेश की है। मंत्री जी ने अमृत मित्र महिलाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ भी दीं।
उक्त कार्य में नगर निगम खण्डवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के नेतृत्व एवं आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत के मार्गदर्शन में कार्य किया गया, जिसमें मोहम्मद सईद शाह का विशेष योगदान रहा।




