
श्री श्री 1008 दादाजी महाराज मंदिर निर्माण का शुभारंभ, विधि-विधान से भरी गई नींव

भक्तों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ संगमरमर के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य।
खंडवा। श्री श्री 1008 दादाजी महाराज के निर्माणाधीन भव्य एवं दिव्य मंदिर के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत आज धार्मिक विधि-विधान के साथ की गई। मंदिर परिसर में विद्वान पंडितों अखिलेश शुक्ला अवधेश ओझा द्वारा मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना कर मंदिर की नींव भरने का शुभ कार्य संपन्न कराया गया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि परमात्मा के कार्य बिना उनकी अनुमति के संभव नहीं है अयोध्या में राम मंदिर को 500 वर्ष से लग गए इस प्रकार खंडवा के दादाजी मंदिर को भी लगभग मंदिर निर्माण की बात को 28 वर्ष हो चुके हैं लेकिन दादाजी की इच्छा के अनुरूप संगमरमर के मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ है आम सहमति से सभी के सहयोग से लगभग 100 करोड रुपए का भव्य मंदिर का निर्माण अब अपनी गति पकड़ चुका है। मंदिर निर्माण के लिए प्रमुख रूप से प्रथम कार्य नींव भरने का होता है जिसका शुभारंभ नवरात्रि की चैत्र कृष्ण पक्ष बारस के दिन विधि विधान के साथ प्रारंभ हुआ। दादा जी के आशीर्वाद से एवं उनकी प्रेरणा से सभी पक्षों ने एक साथ मिलकर मंदिर निर्माण का संकल्प लिया, जिसमें जिला कलेक्टर वृषव गुप्ता एवं सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल एवं जनप्रतिनिधियों की भी विशेष भूमिका रही। इस अवसर पर मंदिर के ट्रस्टी एवं निर्माण समिति के सदस्य धर्मेंद्र बजाज,शांतनु दीक्षित, समिति सदस्य तपन डोंगरे, मदन भाऊ, सतीश कोटवाले, गणेश कनाडे, रोचक नागोरी, राकेश थापक, सुनील जैन, निर्मल गीते सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भक्तजनो ने दादाजी महाराज के जयकारे लगाये। नींव भरते समय वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर निर्माण के शुभारंभ के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान से प्रार्थना की कि दादाजी महाराज के आशीर्वाद से यह मंदिर शीघ्र ही अपने भव्य स्वरूप में तैयार हो। मंदिर का निर्माण संगमरमर से किया जाएगा, जिससे यह मंदिर भव्य और आकर्षक स्वरूप में दिखाई देगा। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल होगा। कार्यक्रम के दौरान सदस्य धर्मेंद्र बजाज तपन डोंगरे ने कहा कि दादाजी महाराज की कृपा से यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र बनेगा। यहां नियमित रूप से पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण को बढ़ावा मिलेगा। सुनील जैन ने बताया कि हम खंडवा वासीयो का सौभाग्य है कि दादाजी के भव्य मंदिर निर्माण को अपने आंखों से हम बनता हुआ देख रहे हैं। मंदिर निर्माण की शुरुआत को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। लोगों ने इसे एक ऐतिहासिक और शुभ अवसर बताते हुए कहा कि आने वाले समय में यह मंदिर भक्तों के लिए श्रद्धा और विश्वास का प्रमुख केंद्र बनेगा। दादाजी महाराज के आशीर्वाद से मंदिर निर्माण कार्य जल्द पूर्ण होने की कामना भी की गई।




