CHHATTISGARHछत्तीसगढ़रायगढ़

तेंदूपत्ता तोड़ने पेड़ पर चढ़ा ग्रामीण हुई मौत

धरमजयगढ़़। कापू थाना क्षेत्र से दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तेंदूपत्ता संग्रह के दौरान एक ग्रामीण की पेड़ से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। घटना कापू-धरमजयगढ़़ मार्ग स्थित मड़वाताल घाट के जंगल की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक कापू थाना क्षेत्र अंतर्गत आलोला गांव का निवासी था, जिसकी उम्र लगभग 55 वर्ष बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी के साथ जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गया था। ग्रामीणों के अनुसार वह लगभग 50 फीट ऊंचे तेंदू पेड़ पर चढ़कर पत्तियां तोड़ रहा था, जबकि उसकी पत्नी नीचे बैठकर पत्तों को एकत्रित कर रही थी।इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गिरने के बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जंगल क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल कापू पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच कार्रवाई में जुट गई है। बहरहाल यह घटना एक बार फिर तेंदूपत्ता संग्रह के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही और जोखिम को उजागर करती है। जंगल क्षेत्रों में कई बार संग्राहक अधिक पत्तियां प्राप्त करने के लिए ऊंचे पेड़ों पर चढ़ जाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है। साथ ही पेड़ों की डगाल और शाखाएं काटने से वन संपदा को भी नुकसान पहुंचता है।वहीं ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग के बीट गार्ड और अधिकारियों को लगातार जंगल क्षेत्रों में भ्रमण कर संग्राहकों को जागरूक करना चाहिए, ताकि लोग अपनी जान जोखिम में डालने से बचें और वन संपदा भी सुरक्षित रह सके।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!