
भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम के तहत पंधाना में प्रशिक्षण संपन्न
—
खण्डवा//राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन विभाग इकाई खंडवा के तत्वावधान में जिले के भूकंप संभावित क्षेत्र पंधाना में जनपद पंचायत परिसर में भूकंप पूर्व तैयारी विषय पर कार्यशाला तथा ध्वस्त संरचना खोज एवं बचाव विषय पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यशाला सत्र के आरम्भ में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्री आशीष कुमार कुशवाहा द्वारा भूकंप प्रोफाइल, पूर्व तैयारी, भूकंप के आने पर विस्तृत कार्यवाही एवं वालंटियर सर्विस विषय पर प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के द्वितीय कालखंड में श्री रविन्द्र महिवाल एवं श्री मनीष यादव, प्लाटून कमांडर द्वारा विषय की बारीकियों के बारे में बताया गया। कार्यशाला में उपस्थित डॉक्टर रोहित लाड़, मेडिकल ऑफिसर द्वारा सीपीआर तकनीक के माध्यम से जीवन रक्षा करने के विषय में जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीईआरएफ के जवानों ने सीपीआर तकनीक के संबंध में प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में तृतीय कालखंड में पॉलिटेक्निक कॉलेज खंडवा में सिविल विभाग के प्रोफेसर श्री कमल बख्तियापुरी द्वारा भूकंपरोधी इमारत तकनीक विषय पर जानकारी दी। कार्यशाला में जनपद पंचायत पंधाना की अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा काले, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत, श्री सुरेशचंद टेमने, सीएमओ श्री मंशाराम बदले, तहसीलदार श्री दिवाकर सूर्या भी उपस्थित थे।














