



रिपोर्टर = भव्य जैन
झाबुआ नगर के कॉलेज मैदान पर सुबह गुड मॉर्निंग क्लब की महिला एवं पुरुष इकाई द्वारा सामूहिक रूप से फाग उत्सव का आयोजन बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ किया गया। प्रातःकालीन सुहावने वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में क्लब के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गुड मॉर्निंग क्लब के सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएँ दीं। महिला इकाई द्वारा मैदान पर सूखे रंगों एवं गुलाल से होली खेलने की सुंदर व्यवस्था की गई थी। डीजे की मधुर धुनों और ढोलकी की थाप पर सभी सदस्य झूम उठे और रंगों के साथ नृत्य का आनंद लिया।
इस अवसर पर क्लब की ओर से सूखे रंगों से होली खेलकर पानी बचाने का संदेश दिया गया। साथ ही सभी को यह भी जागरूक किया गया कि मनुष्य की त्वचा पर एलर्जी उत्पन्न करने वाले पक्के एवं केमिकल युक्त रंगों से होली नहीं खेलनी चाहिए। प्राकृतिक एवं सुरक्षित रंगों के उपयोग पर विशेष बल दिया गया, ताकि स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण की भी रक्षा की जा सके।
नृत्य के पश्चात मैदान पर स्वादिष्ट नाश्ते का आयोजन रखा गया, जिसमें सभी सदस्यों ने सहभागिता करते हुए उत्सव को और भी आनंदमय बना दिया।
फाग उत्सव के इस आयोजन ने सभी के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी और आपसी एकता, प्रेम एवं सद्भाव का संदेश समाज तक पहुँचाया इस अति सुंदरआयोजन को सफल बनाने के लिए क्लब के सभी सदस्यों ने गुड मॉर्निंग क्लब के अध्यक्ष श्री महेंद्र शर्मा जी का आभार व्यक्त किया एवं होली शुभकामनाएं दी ।







