सिंग्रामपुर///
सिंग्रामपुर की पिपरिया कॉलोनी में गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ श्रीराम यज्ञ एवं श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पिपरिया कॉलोनी से निकली विशाल कलश यात्रा के साथ की गई, जिसमें पूरे क्षेत्र का वातावरण “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा।
इस पावन अवसर पर कथा व्यास पंडित श्री घनश्याम खमपरिया जी के सानिध्य में श्रीराम कथा का वाचन किया जाएगा। उनके आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर यज्ञ और कथा कार्यक्रम का शुभारंभ कराया गया।
भक्ति से सराबोर रही कलश यात्रा
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पीली साड़ी धारण कर सिर पर कलश रखकर भाग लिया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के साथ यात्रा पूरे ग्राम में निकाली गई। महिलाओं की श्रद्धा और अनुशासन ने यात्रा को अत्यंत आकर्षक और दिव्य बना दिया।
वहीं बच्चे और पुरुष भी पीले वस्त्र पहनकर यात्रा में शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय दिखाई दिया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया।
ग्रामवासियों में उत्साह
कलश यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने घर-घर से बाहर निकलकर श्रद्धापूर्वक दर्शन किए। आयोजन स्थल पर सुंदर साज-सज्जा के साथ भव्य पंडाल तैयार किया गया है, जहां प्रतिदिन श्रीराम कथा का वाचन होगा।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रीराम यज्ञ एवं कथा के माध्यम से ग्राम में धर्म, संस्कार और सद्भावना का संदेश प्रसारित किया जाएगा। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस भव्य आयोजन से पिपरिया कॉलोनी सहित पूरे सिंग्रामपुर क्षेत्र में धार्मिक आस्था और उल्लास का वातावरण बना हुआ है। ग्रामवासी बड़ी संख्या में कथा श्रवण के लिए उपस्थित हो रहे हैं।









