
खंडवा स्टेशन री डेवलपमेंट का काम अगले हफ्ते से होगा शुरू।
सांसद श्री पाटिल के प्रयास से बड़े शहरों की तर्ज पर आधुनिक रूप में स्थापित होगा खंडवा रेलवे स्टेशन।
खंडवा। खंडवा जिले में बढ़ते हुए विकास के कदम में एक और कड़ी जुड़ने जा रही है बड़े शहरों की तर्ज पर खंडवा में आधुनिक रेलवे स्टेशन बनने जा रहा है। इस कार्य का भूमि पूजन वर्चुअल देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के प्रयासों से निर्मित होने वाले स्टेशन पुनर्विकास ( री डेवलपमेंट) को लेकर पिछले दो वर्षो से चल रही कवायद को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है। भुसावल के गति शक्ति विभाग ने टेंडर की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी कर ली है । अगले हफ्ते निर्माण एजेंसी को कार्य प्रारंभ करने लिए लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (एल ओ ए) पत्र सौंपा जाएगा।
प्रवक्ता सुनील जैन एवं रेल सलाहकार समिति के मनोज सोनी ने बताया कि 15 दिनों के अंदर निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य प्रारंभ करने के पूर्व की व्यवस्था को अमलीजामा पहनाने का काम शुरू किया जाएगा। प्राप्त जानकारी अनुसार खंडवा स्टेशन के री डेवलपमेंट कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जा रहा है। प्रथम चरण में फ्रंट एरिया में कार्य शुरू करेंगें इसके लिए अगले हफ़्ते से टिकिट और आरक्षण बुकिंग और पार्सल आफिस व अन्य ऑफिस को वैकल्पिक अन्य जगह शिफ्ट करने की तैयारी की जाएगी। सायकल स्टैंड की तरफ अस्थायी तीन कवर्ड शेड बनाकार ऑफिस शिफ्ट किए जाएंगे। इसके बाद पार्सल बिल्डिंग सहित बुकिंग ऑफिस आरक्षण कार्यालय को डिसमेंटल किया जाएगा। विदित हो कि पूर्व में मिली जानकारी अनुसार खंडवा स्टेशन का री डेवलपमेंट 3 फेस में होगा। पहले चरण में 92 करोड़ की लागत से फ्रंट एरिया में ग्राउंड फ्लोर और तीन मंजिला भवन बनाया जाना है। जिसमें ऑफिस,रिटायरिंग रूम सहित अन्य सुविधा होंगीं एक नया फुट ओवर ब्रिज बनेगा जिसपर वेटिंग हाल , कोनकोर्स व्यवसायिक दुकानें बनाने की योजना है।










