ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

सुबह 5 बजे से शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़, भक्तों ने की भोलेनाथ की भक्ति-आराधना

 

रिपोर्टर: भव्य जैन

झाबुआ नगर में अलसुबह 5:00 बजे से ही सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। भक्तों ने अपने आराध्य भोले बाबा को प्रसन्न करने के लिए पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की।

नगर के सिद्धेश्वर कॉलोनी स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में शिव विवाह का तीन दिवसीय भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान शिव की बारात निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शिव विवाह संपन्न कराया गया, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

वहीं, झाबुआ नगर से लगभग 8 किलोमीटर दूर ग्राम देवझिरी में स्थित देवझिरी शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यहां स्थित पवित्र जलकुंड में गोमुख से वर्षों से अनवरत जलधारा प्रवाहित हो रही है। स्थानीय मान्यता है कि यह जल नर्मदा नदी से आता है। श्रद्धालु सुबह-सुबह झाबुआ से पैदल यात्रा कर इस तीर्थ स्थल पर दर्शन के लिए पहुंचते हैं और पूर्ण आस्था के साथ भगवान शिव की आराधना करते हैं।

पिछले दो वर्षों से निकल रही प्रभात फेरी के सदस्य भी इस अवसर पर झाबुआ से प्रभात फेरी लेकर देवझिरी तीर्थ पहुंचे। वहां सामूहिक रूप से भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया गया। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और धार्मिक वातावरण में सहभागिता निभाई।

इसी प्रकार झाबुआ से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित दूधेश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। यहां प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी बृजेश शर्मा द्वारा सुबह से ही दर्शन की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी। दर्शन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी एवं भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस प्रकार पूरे झाबुआ नगर और आसपास के क्षेत्रों में शिवभक्ति की अलौकिक छटा देखने को मिली। श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और भक्ति ने वातावरण को पूर्णतः शिवमय बना दिया।

हर-हर महादेव!

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!