
राजस्थान के पंचायत राज मंत्री ने सीकर जिले की पिपराली पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पिपराली, सिंहासन और दादिया ग्राम पंचायतों में कई स्थानों पर गंदगी और अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था सामने आई।
स्वच्छता में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर पंचायत राज मंत्री ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही ग्रामीणों की ओर से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराने और लापरवाही पाए जाने पर रिकवरी के निर्देश भी दिए गए।
पंचायत राज मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।













