
पांच माह की तपस्या की पूर्णाहुति पर उमड़ा आस्था का सैलाब, विधायक छाया मोरे ने लिया संतों का आशीर्वाद।
खंडवा। छैगांव माखन क्षेत्र के बलखड़ सुरा स्थित श्री प्राचीन हनुमान मंदिर में पांच माह से चल रही अखंड धूनी तपस्या की पूर्णाहुति पर बुधवार को भव्य धार्मिक आयोजन हुआ। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि यज्ञ पूर्णाहुति एवं संत सम्मेलन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता एवं पंधाना विधायक छाया मोरे ने पहुंचकर संत समाज का आशीर्वाद लिया। उन्होंने संत श्री 1008 महंत हरिदास त्यागी महाराज की तपस्या को नमन करते हुए योगी जगन्नाथ जी महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि विधायक छाया मोरे ने भगवान हनुमान का विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेश एवं क्षेत्र की खुशहाली, शांति और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने संत-महात्माओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
अपने संबोधन में विधायक मोरे ने कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की आत्मा है। संतों का मार्गदर्शन समाज को सेवा, सदाचार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
यज्ञ, भजन, संत वाणी और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान जयकारों और भक्ति रस से वातावरण गुंजायमान रहा।













