मनरेगा योजना का नाम बदले जाने को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन रविवार को
नगर निगम चौराहे स्थित महात्मा गांधी जी प्रतिमा के समक्ष करेंगे आंदोलन
खंडवा/
मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना)
योजना का नाम बदले जाने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस द्वारा नगर निगम चौराहे पर स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के सामने रविवार को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस ने इसे गांधी विचारधारा और ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों पर हमला बताया।
जिला कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदले जाने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस विधायक दल ने भी विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था।जिसको लेकर जिला कांग्रेस खंडवा ग्रामीण और जिला कांग्रेस खंडवा शहर के तत्वावधान में समस्त कांग्रेसजनों द्वारा दिनांक 21 दिसंबर रविवार को दोपहर 2 बजे नगर निगम चौराहा गांधी प्रतिमा के समक्ष शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजना महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (*मनरेगा*) का नाम बदलने के षड्यंत्र के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत को रोजगार की संवैधानिक गारंटी देने वाला ऐतिहासिक कानून है, जो महात्मा गांधी जी के विचारों से प्रेरित है। ऐसे में इसका नाम बदलकर विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) करना गांधीवादी सोच और ग्रामीण श्रमिकों के अधिकारों पर सीधा प्रहार है।
अध्यक्षद्वय ने समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों, पार्षदगणों, वरिष्ठ नेताओं, मोर्चा संगठन , प्रकोष्ठ एवं कांग्रेस समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महात्मा गांधी जी के नाम से जुड़ी इस ऐतिहासिक योजना की रक्षा हेतु आयोजित इस आंदोलन को सफल बनाने का आग्रह किया है।











