रिपोर्टर = भव्य जैन
झाबुआ। दिलीप सिंह भूरिया शासकीय आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय झाबुआ में उच्च शिक्षा विभाग व म.प्र. शासन के निर्देशानुसार प्राचार्य प्रो. पी. के. उछावर के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वाधान में “पक्षियों के संरक्षण” विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता जूलॉजी विभाग की प्रो. करिश्मा अवासे रहीं। उन्होंने वर्तमान समय में पक्षियों की घटती संख्या, उनके प्राकृतिक आवासों में कमी तथा शहरीकरण जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि पक्षियों के संरक्षण के लिए प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा, कीटनाशकों का कम उपयोग, सामुदायिक भागीदारी और जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न संरक्षण परियोजनाओं की जानकारी भी दी।
व्याख्यान के दौरान पक्षियों के संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले डॉ. सलीम अली (बर्डमैन ऑफ़ इंडिया) के प्रयासों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया और उन्हें पक्षियों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में रखे सकोरों में नियमित रूप से पानी और दाना भरने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम का संचालन स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. पूजा बघेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रो. हंसा बघेल ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



