
रायगढ़ – 41वाँ काव्य वाटिका सम्मान” से विभूषित हुईं रायगढ़ की प्रतिष्ठित साहित्यकार, शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की वीर माता डॉ. आशा त्रिपाठी जी।
त्रिलोक न्यूज जिला रायगढ़ संवाददाता – रमेश चौहान
देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों और उनके परिवारजनों का सम्मान हमें सदैव गौरवान्वित करता है। इसी देशभक्ति से ओतप्रोत, भव्य और गरिमामय मंच पर रायगढ़ की जानी-मानी साहित्यकार डॉ. आशा त्रिपाठी जी को पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम, रायगढ़ में ” जो लौट के फिर ना आये” शहीद विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित समारोह में “41वाँ काव्य वाटिका सम्मान” प्रदान किया गया।
सैनिक परिवार से जुड़ी होने के कारण डॉ. त्रिपाठी की लेखनी में स्वाभाविक रूप से राष्ट्रप्रेम की गहन छाप दिखाई देती है। लंबे समय से वे साहित्य साधना में निरंतर अग्रसर हैं तथा अपनी भावपूर्ण रचनाओं के माध्यम से पाठकों के हृदय पर अमिट छाप छोड़ रही हैं।यह उल्लेखनीय है कि काव्य वाटिका द्वारा प्रत्येक माह रायगढ़ जिले के साहित्य पुरोधाओं को सम्मानित किया जाता है। इस सम्मान का उद्देश्य ऐसे रचनाकारों को प्रकाश में लाना है जिन्होंने साहित्य की सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया है, साथ ही उनकी रचनाओं और मूल्यों को युवा पीढ़ी तक पहुँचाना ताकि वे प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
आयोजन में श्री मनोज श्रीवास्तव, डॉ. आशा मेहर किरण, अरविंद सोनी सार्थक, डॉ. गुलशन खम्हारी, प्रद्युम्न लिशा पटेल, पंडित रतन सहित काव्य वाटिका परिवार के अनेक सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।
डॉ. आशा त्रिपाठी को काव्य वाटिका सम्मान प्राप्त होने पर
डॉ. अजय पटनायक, अरुणा साहू, डॉ सुधा देवांगन,स्वाति पांड्या, ईश्वरी यादव, तेजराम नायक, पूर्णिमा चौधरी, तथा साधना मिश्रा ने हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।













