
*सामाजिक समरसता मिलन समारोह में ‘सप्त शक्ति’ और समरसता पर हुआ सारगर्भित विमर्श*
खंडवा।भारतीय मजदूर संघ, जिला इकाई खंडवा के सान्निध्य मेंआंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ, खंडवा द्वारा सामाजिक समरसता मिलन समारोह का भव्य आयोजन स्थानीय किशोर कुमार सभागार में किया गया।
कार्यक्रम में समाज में एकता, सहयोग, सेवा और संवेदना को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।
मुख्य वक्ता शोभा तोमर ने “सप्त शक्ति” विषय पर विचार रखते हुए कहा कि — “सामाजिक विकास के लिए व्यक्ति, परिवार और समाज में सात शक्तियों का संतुलन आवश्यक है —
(1) श्रद्धा शक्ति, (2) संकल्प शक्ति, (3) सेवा शक्ति, (4) संगठन शक्ति,(5) संस्कार शक्ति, (6) सहिष्णुता शक्ति और (7) समरसता शक्ति।
इन सातों शक्तियों का समन्वय ही राष्ट्र के पुनर्निर्माण की आधारशिला है।”
इसी क्रम में “सामाजिक समरसता” विषय पर प्रेरक संबोधन देते हुए विभाग प्रमुख ने कहा कि — “समरसता केवल विचार नहीं, बल्कि जीवन की कार्यशैली है।
जब समाज का हर वर्ग समान सम्मान और अवसर प्राप्त करता है, तभी सच्ची समरसता संभव होती है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सेवा और मातृत्व की सजीव प्रतीक हैं, जिनकी निष्ठा से समाज में संवेदना का प्रवाह होता है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजीव मालवीय ने की।
उन्होंने कहा कि — “भारतीय मजदूर संघ सदैव राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिकहित के सिद्धांतों पर कार्य करता रहा है।
यही तीनों प्रेरणाएँ ‘सप्त शक्ति’ का सामाजिक स्वरूप हैं, जो समाज में संतुलन और समरसता का सूत्र जोड़ती हैं।”
कार्यक्रम का शुभारंभ संघ की जिला अध्यक्ष शीला फूलमाली के स्वागत भाषण से हुआ।
कार्यक्रम का संचालन रश्मि दीदी ने कुशलता से किया,जबकि आभार प्रदर्शन प्रीति वर्मा ने किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी रत्ना शर्मा, परियोजना अधिकारी पूजा राठौर, राकेश मालवीय, सविता सिंह सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएँ उपस्थित रहीं।
अंत में जिला मंत्री प्रवीण शर्मा ने भारतीय मजदूर संघ की वैचारिक प्रेरणा से सभी को अवगत कराया और कहा कि — “‘सप्त शक्ति’ के माध्यम से समरसता का यह संवाद समाज में नई चेतना जगाने वाला है।”









