
विधिक साक्षरता शिविर में महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में बताया
खंडवा , प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती ममता जैन के मार्गदर्शन में न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के चौथे दिन पंधाना विकासखंड के ग्राम कोहदड़ में महिलाओं के लिए विधिक साक्षरता शिविर व स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य श्रमिकों के अधिकार, महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध अ धिनियम, निशुल्क विधिक सहायता, सायबर अपराध आदि विषयों पर लोगों को जागरूक करना था। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री पियूष भावे ने उपस्थित ग्रामीणजनो से कहा कि दहेज लेना-देना और दहेज की मांग करना अपराध की श्रेणी में आता है। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिह ने उपस्थित ग्रामीणजनो को सम्बोधित करते हुए सायबर अपराध, निशुल्क विधिक सहायता, नेशनल लोक अदालत, अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना के बारे में बताया।
इस दौरान ग्रामीणजनो के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु जिला चिकित्सालय खण्डवा द्वारा स्वास्थ्य सिविल आयोजित किया गया जिसमें डॉ नितिन कपूर, क्षय रोग, डॉ. आनंद उनकर नेत्र रोग, डॉ अंचल सिहं तोमर, चिकित्सा अधिकारी, डॉ. धर्मेन्द्र पाटिल अस्थि रोग, डॉ. समक्ष चिकि. अधिकारी, डॉ. शिवानी, व पैरा मेडीकल स्टाफ उपस्थित थे। इस दौरान ग्रामीणजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श व निःशुल्क दवाईयों का वितरण किया गया।









