


रिपोर्टर = भव्य जैन
झाबुआ, 09 नवम्बर 2025। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 09 नवम्बर से 14 नवम्बर 2025 तक न्यायोत्सवः अंतर्गत विधिक सेवा सप्ताह 2025 का आयोजन किया जाना है। न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर आज 09 नवम्बर 2025 विधिक सेवा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाबुआ द्वारा मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्रीमती विधि सक्सेना के द्वारा एवं अन्य न्यायाधीशगण की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ का शुभारंभ किया।
मैराथन दौड़ में जिले के न्यायाधीशगण, प्रशासनिक अधिकारीगण, एलएडीसीएस अधिवक्ता, पैरालीगल वालेंटियर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा न्यायालयीन कर्मचारीगण ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह दौड़ जिला न्यायालय परिसर झाबुआ से शुरू होकर जेल तिराहा, गांधी चौक, उत्कृष्ट स्कूल रोड, बुनियादी स्कूल, राजवाड़ा चौक, कालिका माता मंदिर, कन्या स्कूल, डीआरपी लाईन रोड होते हुए जिला न्यायालय परिसर में संपन्न हुई।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती विधि सक्सेना ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं मेडल प्रदान किए तथा सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा विधिक सेवा सप्ताह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह न्याय के प्रति जन-जागरूकता का एक आंदोलन है। आज की इस मैराथन दौड़ का उद्देश्य यही है कि हम सभी नागरिकों तक यह संदेश पहुँचाएं कि न्याय सबके लिए है और विधिक सहायता प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है। जैसे एक मैराथन धावक अपने लक्ष्य तक पहुँचने के लिए निरंतर प्रयास करता है, वैसे ही न्याय तक पहुँचने की यात्रा भी सतत प्रयास, धैर्य और विश्वास से पूर्ण होती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सदैव समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यह भी कहा कि विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत 09 से 14 नवम्बर 2025 तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, विधिक साक्षरता शिविर, निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता वाद-विवाद कार्यक्रम, बाईक सह साईकल रैली तथा कानूनी सहायता शिविर आयोजित किए जाएंगे जिनमें आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु अध्यक्ष के द्वारा फीता काटकर विधिक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया एवं उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर पेम्पलेट वितरित किए। कार्यक्रम में उपस्थित समस्त प्रतिभागियों को पर्यावरण का संरक्षण किए जाने हेतु प्रतीक चिन्ह के रूप में पौधे के द्वारा प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश श्री विवेक सिंह रघुवंशी, जिला न्यायाधीश श्री राजेन्द्र कुमार शर्मा, श्री सुभाष सुनहरे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री नितिन कुमार मुजाल्दा, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सरोज बाला मुजाल्दा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्री शिव कुमार डाबर, श्री बलराम मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया, जिला प्रशासन के अधिकारीगण, पैरालीगल वालेंटियर्स, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण, न्यायालयीन कर्मचारीगण तथा अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस मैराथन दौड़ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरूस्कृत किया गया।












