
धारूखेड़ी में अमृत संचय अभियान की प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
—
खण्डवा#कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में जिले में भूजल संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से “मिशन अमृत संचय” अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के बारे में ग्रामीणों को जागरूक करने और जल संरक्षण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्र में प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। शुक्रवार को जिले की ग्राम पंचायत धारूखेड़ी में “मिशन अमृत संचय” अभियान के संबंध में ग्रामीणजनों को प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर नीतू ठाकुर द्वारा उपस्थित सभी प्रतिभागियों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचय एवं पर्यावरण संतुलन के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जल की एक-एक बूंद अमूल्य है, और उसका संरक्षण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान उपयंत्री श्वेताली लुक मैडम द्वारा भी “मिशन अमृत संचय” के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने जल संरक्षण के वैज्ञानिक और व्यावहारिक उपायों को सरल भाषा में समझाते हुए बताया कि कैसे सामुदायिक सहभागिता से हम वर्षा के जल को भविष्य के लिए संचित कर सकते हैं। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी जल संरक्षण का संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर सरपंच राजेश धूलिया, सचिव राजेंद्र राजपूत, आंगनवाड़ी आशा कार्यकर्ता तथा अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।










