
रिपोर्टर= भव्य जैन
झाबुआ, 19 अक्टूबर 2025।
दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर झाबुआ कलेक्टर सुश्री नेहा मीना ने जिले के नागरिकों को हर्ष, उल्लास और समृद्धि की हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि दीपावली का यह पावन पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें जीवन में सकारात्मक सोच, प्रेम, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
कलेक्टर ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि यह हमारे भीतर की अच्छाइयों को प्रज्वलित करने और समाज में सद्भाव, एकता एवं पारस्परिक सहयोग की भावना को सशक्त करने का अवसर है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि सभी लोग इस पर्व को सादगी, स्वच्छता और शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।
कलेक्टर ने ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि हमें स्थानीय कारीगरों, स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा बनाए गए स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे न केवल उनके उत्साह में वृद्धि होगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हमारा योगदान भी सार्थक होगा।
उन्होंने कहा कि दीपावली का यह पर्व हर घर में खुशहाली, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे त्योहार को सुरक्षित ढंग से मनाएं, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा पटाखों के प्रयोग में सावधानी बरतें।
कलेक्टर नेहा मीना ने शुभकामना संदेश में कहा —
“दीपों का यह पर्व आपके जीवन में उजालों की नई किरणें लेकर आए, हर दिल में आशा और आनंद के दीप जलें, और झाबुआ जिला निरंतर विकास, सद्भाव एवं खुशहाली की दिशा में आगे बढ़े।”










