सिगरौली कलेक्टर ने करौटी खाद्य विक्रेता को पद से पृथक कर एफआईआर दर्ज करने का दिए निर्देश
पूर्व कलेक्टर के समय ठंडे बस्ते में पड़ी कार्रवाई को वर्तमान कलेक्टर ने दी गति..
करौटी खाद्यान्न केंद्र में 60 क्विंटल चावल और 15 क्विंटल गेहूं कम मिला, विक्रेता पर FIR के निर्देश..
सिंगरौली, 16 अक्टूबर 2025।
जिले के करौटी शासकीय उचित मूल्य दुकान में बड़ी अनियमितता सामने आई है। कलेक्टर गौरव बैनल ने औचक निरीक्षण के दौरान केंद्र को बंद पाया, जहां पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण नहीं किया जा रहा था।
स्टॉक सत्यापन के दौरान 60 क्विंटल चावल और 15 क्विंटल गेहूं की कमी पाई गई। इस गंभीर लापरवाही पर कलेक्टर ने संबंधित खाद्य विक्रेता को तत्काल पद से पृथक करने और उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए। जानकारी के अनुसार, यह मामला पूर्व कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला के कार्यकाल में सामने आया था, लेकिन कार्रवाई उस समय ठंडे बस्ते में डाल दी गई थी। वर्तमान कलेक्टर गौरव बैनल ने इस प्रकरण को दोबारा संज्ञान में लेकर सख्त कार्रवाई की शुरुआत की है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहार से पहले सभी पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाए, साथ ही खाद्य अधिकारी सतत क्षेत्र भ्रमण करें और कालाबाजारी में लिप्त व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई करें। खैर अभी तो ये शुरुआत है क्योंकि सिंगरौली में भयंकर भ्रष्टाचारी भरे पड़े हैं।











