
*श्री दादाजी वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों के लिए हुआ भव्य सम्मान समारोह*
विजयादशमी एवं अंतरराष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस पर आयोजन, भक्ति भजनों और सहभोज से झूम उठे बुजुर्ग
खंडवा।। रामनगर मै विजयादशमी एवं अंतरराष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस के शुभ अवसर पर श्री दादाजी वृद्ध आश्रम में एक भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर बुजुर्गों के सम्मान, मनोरंजन व आध्यात्मिक upliftment के लिए कई रंगारंग प्रस्तुतियाँ हुईं। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम की विशेष शोभा बने केसरिया गोल्डन ग्रुप के संस्थापक व समाजसेवी रितेश कपूर तथा दिल्ली से पधारीं प्रसिद्ध एंकर एवं भजन गायिका शालिनी तोमर, जिन्होंने बुजुर्गों के सम्मान में न केवल भावपूर्ण शब्द कहे बल्कि भक्ति भजनों की मधुर प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय कर दिया। उनके सुरों की गूंज से पूरा आश्रम झूम उठा। वृद्ध आश्रम की संचालिका अनीता सिंह ने बताया कि यह आयोजन बुजुर्गों के सम्मान और दशहरे की खुशी को साझा करने के लिए किया गया था। कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, गीत-संगीत, सामूहिक नृत्य, और सहभोज जैसे कई गतिविधियाँ शामिल थीं। शालिनी तोमर ने मंच से भावुक होते हुए कहा, “मैं पिछले 6 वर्षों से इस आश्रम से जुड़ी हूं। यहाँ आकर जो आत्मिक संतोष मिलता है, वह कहीं और संभव नहीं। मैं सभी युवाओं से अपील करती हूं कि अपने जीवन में कुछ पल इन बुजुर्गों के साथ अवश्य बिताएं।” कार्यक्रम को सफल बनाने में विरल सिंह चौहान,मुकेश मैथिल,रानी मालाकार,प्रवीण पटेल,भारती नलावडे,नीलम मैथिल और शारदा मीणा सहित कई स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में अनीता सिंह ने बताया कि आने वाले सप्ताह भर तक आश्रम में बुजुर्गों के लिए विशेष आयोजन जैसे खेलकूद प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य परीक्षा, शिविर, भजन-संध्या एवं धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी।









