
मिश्री देवी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौरेला में आज तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में विधिक साक्षरता एवं साइबर फ्रॉड से बचाव विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती ज्योति अग्रवाल रहीं। उन्होंने छात्राओं को नशे से दूर रहने, सोशल मीडिया के सदुपयोग, अनजान व्यक्तियों से सावधान रहने तथा ऑनलाइन फ्रॉड से बचने की जानकारी दी। उन्होंने NALSA जागृति योजना के अंतर्गत महिलाओं हेतु निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी साझा करते हुए छात्राओं को पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर गौरेला थाना प्रभारी श्री सौरभ सिंह ने छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध कॉल या मैसेज प्राप्त होने पर किसी भी लिंक पर क्लिक न करें तथा सीधे बैंक जाकर पुष्टि करें। मोबाइल हैकिंग से बचने हेतु किसी भी अज्ञात APK लिंक को डाउनलोड न करने की सलाह दी।
कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा सोशल मीडिया पर फर्जी सूचनाओं से बचाव तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के सुरक्षित उपयोग की जानकारी भी दी गई। इस दौरान छात्राओं ने प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएँ दूर कीं।










