23 सितंबर को खिलाई जायेगी एल्बेण्डाजॉल की गोली ,शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण
—
खण्डवा//एनीमिया मुक्त भारत एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 23 सितंबर को मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम से पूर्व गुरुवार को खण्डवा विकासखंड के नोडल शिक्षकों को 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेण्डाजॉल की गोली खिलाने के सम्बंध में प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा शहरी क्षेत्र की आंगनवाड़ियों में महिला एवं बाल विकास के परियोजना अधिकारी व सुपरवाइजर द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी यह प्रशिक्षण दिया गया। प्रमुख खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.के. सेठिया ने बताया कि जिले भर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सभी शासकीय, अशासकीय, निजी एवं अनुदान प्राप्त शालाओं, आदिवासी आश्रम शालाओं, छात्रावास एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों पर बच्चों को कृमि नाशक एल्बेण्डाजोल की गोली का सेवन 23 सितम्बर को कराया जायेगा। जो बच्चे 23 सितम्बर को किन्हीं कारणों से छूट जाएंगे, उन्हें 26 सितम्बर को मॉपअप राउंड के तहत यह गोली खिलाई जायेगी। डॉ. सेठिया ने बताया कि 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेण्डाजोल की आधी गोली और 2 से 19 वर्ष के बच्चों को एक गोली चबाकर पानी के साथ खिलाई जायेगी। साथ ही 20 से 49 वर्ष की महिलाएं जो कि गभर्वती एवं धात्री नहीं हैं, उन्हें भी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर गोली खिलाई जाएगी।
2,503 1 minute read









