
राष्ट्रीय पोषण माह 2025 अंतर्गत बीएमआई/ऊँचाई-वजन मापन कार्यक्रम का आयोजन
डिंडौरी : 18 सितंबर, 2025
कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या के निर्देशन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में राष्ट्रीय पोषण माह 2025 के अंतर्गत “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” थीम पर मोटापे की पहचान एवं बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई)/ऊँचाई-वजन मापन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं द्वारा नागरिकों का ऊँचाई एवं वजन मापा गया तथा बॉडी मास इंडेक्स की गणना कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बीएमआई स्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण संकेतक है, जिससे यह ज्ञात होता है कि व्यक्ति का वजन उसकी लंबाई के अनुपात में संतुलित है या नहीं। साथ ही, यह मोटापा, कुपोषण एवं विभिन्न बीमारियों के जोखिम का आकलन करने में सहायक है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, किशोरियों एवं आमजन की सहभागिता रही। सभी ने पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।










