
*मिशन अमृत जल संचय अभियान के अंतर्गत जल समितियों की बैठक हुई जिसमे आशा कार्यकर्ता, निगम स्टाफ एवं पटवारियों का प्रशिक्षण संपन्न हुआ*
खण्डवा//
नगर पालिक निगम खंडवा की ओर से मिशन अमृत जल संचय अभियान के तहत जल समितियों की बैठक हुई । जल समिति के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं, नगर निगम स्टाफ एवं पटवारियों उपस्थित रहे जिन्हें वर्षा जल संचयन विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण गौरीकुंज सभागृह में आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण का संचालन विषय विशेषज्ञ श्री कुलदीप फरे एवं श्री गणेश कनाडे द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि यदि भू-जल स्तर को बढ़ाने पर गंभीरता से कार्य नहीं किया गया तो वर्ष 2027 तक हमें सेमी-क्रिटिकल स्थिति का सामना करना पड़ेगा। इसीलिए देशभर में व्यापक स्तर पर मिशन अमृत जल संचय अभियान चलाया जा रहा है।
*5 चरणों में वर्षा जल संचयन प्रणाली*
प्रशिक्षण में विस्तृत जानकारी दी गई कि किस प्रकार पाँच चरणों में रूफटॉप रेन वॉटर हार्वेस्टिंग (RWH) सिस्टम स्थापित किए जाएंगे –
1. प्रथम चरण – सभी शासकीय भवनों में।
2. द्वितीय चरण – सभी शासकीय कर्मचारियों के आवासों में।
3. तृतीय चरण – व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, उद्योगों, उद्यानों, होटलों, अस्पतालों आदि में।
4. चतुर्थ चरण – गेटेड कॉलोनियों एवं गौशालाओं में।
5. पंचम चरण – सभी पक्के घरों एवं दुकानों में।
*वर्षा जल संचयन के उपाय*
प्रशिक्षकों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से समझाया कि किस प्रकार वर्षा का जल संग्रहित कर भू-जल स्तर को बढ़ाया जा सकता है।
मुख्य उपायों में शामिल हैं –
• गड्ढे (पिट) बनाकर वर्षा का जल संचित करना,
• बोरिंग में वर्षा जल प्रवाहित करना,
• बोरी बांधान करना,
• खेतों में तालाब बनाना,
• चेक डैम का निर्माण करना आदि।
*गरिमामयी उपस्थिति*
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त सुश्री सुप्रिया मेड़ा, कार्यपालन यंत्री श्रीमती वर्षा घिड़ोड़े, उपयंत्री श्री मनीष झीले, श्री राजेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री गौरव खरे द्वारा किया गया।










