मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब बृहस्पतिवार को बुढ़ाना अंडरपास के पास दो दुपहिया वाहनों में आमने-सामने की जोरदार भिडंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दो शिवभक्तों की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी शिवभक्त गाजियाबाद से हरिद्वार जल लेने जा रहे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी अंजली, राज और विपिन गुरुवार को बाइक पर सवार होकर हरिद्वार कांवड़ यात्रा पर निकले थे। जैसे ही वे खतौली नेशनल हाइवे पर स्थित बुढ़ाना अंडरपास के पास साक्षी होटल के नजदीक पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक स्कूटी और बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक शिवभक्त की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला समेत तीन अन्य शिवभक्त गंभीर रूप से घायल हो गएहादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तुरंत यश एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां एक और शिवभक्त ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी तीन घायलों की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मोदीपुरम स्थित फ्यूचर प्लस अस्पताल रेफर किया गया।मृतकों की पहचान राज और विपिन के रूप में हुई है। वहीं, घायल महिला अंजली समेत अन्य दो का उपचार जारी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।उधर, इस दर्दनाक हादसे के बाद नेशनल हाइवे पर काफी देर तक जाम और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार हो रहे हादसों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं












