कलेक्टर ने सिंहस्थ की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों के साथ की बैठक
📝 खरगोन से ब्यूरो चीफ अनिल बिलवे की रिपोर्ट…
खरगोन 14 जुलाई 2025। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल की अध्यक्षता में 14 जुलाई को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सिंहस्थ की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आकाश सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, सहायक कलेक्टर श्री जामदार फरहान इरफान, डिप्टी कलेक्टर सुश्री पूर्वा मण्डलोई, महेश्वर एसडीएम श्री अनिल जैन, बड़वाह एसडीएम श्री सत्यनारायण दर्राे,, संबंधित सीएमओ, जनपद सीईओ, एमपी टूरिज्म सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर सुश्री मित्तल ने अधिकारियों से सिंहस्थ की तैयारियों के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिए कि नर्मदा घाट पर रेलिंग का निर्माण महेश्वर के एमपीटी से सड़क मार्ग तक किया जाए ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर सुश्री मित्तल ने कहा कि पाथवे में लाइटिंग और सीसीटीवी की व्यवस्था पीडब्ल्यूडी व डब्ल्यूआरडी के सहयोग से करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि रेलिंग घाट से इतनी दूरी पर लगाई जाए कि श्रद्धालु सुरक्षित स्नान कर सकें और पानी की गहराई को नापकर ही रेलिंग लगाई जाए। महेश्वर में पर्यटन विभाग द्वारा होने वाले अहिल्या लोक निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने सौंदर्यीकरण, संग्रहालय विस्तार और अहिल्या द्वार के निर्माण को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा रोड एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर सुश्री मित्तल ने कालेश्वर महादेव मंदिर में अलग से घाट निर्माण और चिंतामणि गणेश मंदिर के विकास करने के निर्देश भी दिए गए। मंडलेश्वर में गंगाझीरा के पास पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। एमपीआरडीसी को धामनोद से बड़वाह तक 61.850 किमी सड़क के चौड़ीकरण और ग्रीनफील्ड गांवों की लिस्टिंग के निर्देश दिए गए।
वीसी के माध्यम से जुड़े पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा ने महेश्वर, मंडलेश्वर, बड़वाह, कसरावद के नावड़ातोड़ी में श्रद्धालुओं व आमजनों के आने व जाने के लिए कॉरिडोर निर्माण का सुझाव दिया। जगन्नाथ मंदिर से अहिल्या घाट तक वैकल्पिक मार्ग और अहिल्या लोक के रास्ते की चौड़ाई बढ़ाने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। नवघाटखेड़ी पर श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए प्लान बनाने और सभी घाटों पर सीसीटीवी व लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एसडीआरएफ के लिए घाट पर ही रेस्क्यू अरेंजमेंट करने, टूरिज्म फैसिलिटेशन सेंटर और ट्रैफिक फैसिलिटेशन सेंटर स्थापित करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।