
आपातकाल” के 50 वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तरीय संगोष्ठी संपन्न
खण्डवा 25 जून 2025 – देश में आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर “भारतीय लोकतंत्र का काला दिवस” और “संविधान हत्या दिवस” के रूप में बुधवार को मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में खंडवा कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में संबोधित करते हुऐ मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल ने 50 वर्ष पूर्व 1975 में देश में आपातकाल लागू किए जाने का घटनाक्रम याद करते हुए इसे “लोकतंत्र का काला अध्याय” और लोकतंत्र पर धब्बा बताते हुए कहा कि जिन लोगों ने आपातकाल लगाया वे ही पूरी दुनिया में इस कलंक के लिए जिम्मेदार हैं। ये लोग कभी इससे बाहर नहीं आ सकते और इस कलंक से मुक्त नहीं हो सकते।
पंधाना विधायक श्रीमति छाया मोरे ने इस अवसर पर कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी। उस दौर में निरपराध लोगों को जेलों में बंद कर दिया गया है। अनेक लोगों ने आपातकाल की पूरी अवधि में जेल में गुजारी। आपातकाल में लोगों पर बेइंतहा अत्याचार किए गए। कई प्रतिबंध भी लगाए गए। हमारे लोकतंत्र सेनानियों ने अनेक कष्ट सहे, लेकिन लोकतंत्र सेनानी लोकतंत्र की रक्षा के लिए अडिग रहे।
खंडवा विधायक श्रीमति कंचन तन्वे ने इस अवसर पर कहा कि लोकतंत्र में आपातकाल के 50 वर्ष बाद यह एक सबक की तरह है। दोबारा कोई भी इस तरह के आपातकाल को लगाने की हिमाकत न करें। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों और प्रदेशवासियों को बधाई दी है, जिनके कारण आज भारत सबसे बड़ा लोकतंत्र है और दुनिया के बड़े गणतंत्र के रूप में स्थापित हुआ है।
महापौर खण्डवा श्रीमति अमृता यादव ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. श्रीमति इंदिरा गांधी द्वारा अपनी शक्तियों का दुरूपयोग करते हुऐ देश में आपातकाल लगाया गया। उन्होंने कहा कि आपातकाल के भुक्तभोगी सदैव इसे याद रखेंगे, साथ ही यह भी कामना है कि ऐसा खराब दिन कभी न आए। उन्होंने सभी जीवित लोकतंत्र सेनानियों को उनकी जिम्मेदारपूर्ण भूमिका के लिए बधाई दी है, जिनके कारण हमारा लोकतंत्र आज जिंदा है। उन्होंने दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोकतंत्र सेनानी जिन्होंने निश्चित रूप अपने जीवन में इस ऐतिहासिक लड़ाई को लड़ा है उन्हें सदैव इतिहास में याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में गर्ल्स डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रताप राव कदम द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किये।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री के.आर. बड़ोले सहित बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारीगण, स्कूल एवं कॉलेजो के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक संचालक आदिम जाती कल्याण विभाग श्री नीरज पाराशर द्वारा किया गया।