
*दादाजी मंदिर क्षेत्र में लकड़ी डिपो संचालकों पर निगम की चालानी कार्रवाई*
खण्डवा// उपायुक्त
एस.आर. सितोले के नेतृत्व में नगर निगम के अमले द्वारा दादाजी मंदिर क्षेत्र के पास स्थित 4 लकड़ी डिपो के दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। दरअसल, ये दुकानदार अपने लकड़ी के स्टॉक को सड़क पर ही फैला कर रखते थे, जिससे आमजन एवं श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। विशेषकर आने वाली गुरुपूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन हेतु पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
शिकायत प्राप्त होते ही उपायुक्त के नेतृत्व में निगम अमला जेसीबी एवं अतिक्रमण वाहन के साथ मौके पर पहुंचा। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानदारों का लकड़ी स्टॉक जब्त किया गया तथा प्रत्येक दुकानदार पर ₹5000 का चालान किया गया। साथ ही 24 घंटे का समय देते हुए शेष स्टॉक स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए।
यदि निर्धारित समयावधि में स्टॉक नहीं हटाया जाता है तो निगम द्वारा शेष स्टॉक भी जब्त कर लिया जाएगा। नगर निगम द्वारा इस कार्रवाई से आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने तथा अवैध अतिक्रमण हटाने का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा।











