ताज़ा ख़बरें

विश्व श्रवण दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय बधिरता रोकथाम एवं नियंत्रण जन जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर का किया गया आयोजन

खास खबर

विश्व श्रवण दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय बधिरता रोकथाम एवं नियंत्रण जन जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर का किया गया आयोजन
खंडवा 03 मार्च , 2025 –
 विश्व श्रवण दिवस 3 मार्च 2025 के अवसर पर श्री दादाजी धूनीवाले जिला चिकित्सालय सह नंदकुमार सिंह चौहान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय खंडवा के ब्लॉक-ए में नाक कान गला विभाग द्वारा राष्ट्रीय बधिरता रोकथाम एवं नियंत्रण जन जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया , जिसमें कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अधिष्ठाता डॉ. संजय दादू , प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रश्मि कौशल, सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए ।इनके द्वारा बताया गया कि श्रवण दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों में जन-जागरूकता फैलाना है । बीमारी के प्रति  समाज में जो भ्रांतियाँ हैं उसे दूर कर  बीमारी के उपचार के लिए आने हेतु लोगों को जागरूक करें । इस वर्ष की थीम “सुनने की देखभाल बेहतर जीवन की कुंजी” होगी । इस थीम का उद्देश्य यह है कि हमारी सुनने की क्षमता को भी हम उतनी ही प्राथमिकता दें जितनी हम शरीर के अन्य अंगों को देते हैं । यह दिवस सुनने की देखभाल और सुनने की हानि को रोकने के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है ।नाक कान गला रोग विशेषज्ञ द्वारा बताया गया कि मेडिकल कॉलेज एवं जिला प्रशासन के सहयोग से जिला चिकित्सालय खंडवा में सुनने संबंधी जाँच सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है , जो पहले बड़े स्तर पर उपलब्ध होती थी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी आरबीएसके एवं सी.एच.ओ. के माध्यम से सुनने की क्षमता में कमी वाले मरीजों को चिन्हित कर उन्हें उपचार एवं परामर्श देंगे । इसी क्रम में उनके द्वारा बताया गया कि किसी भी व्यक्ति को 80 डेसीबल से अधिक साउंड के संपर्क में आने से श्रवण क्षमता में कमी आ सकती है । इसीलिए तेज ध्वनि वाले यंत्र से हमेशा दूर रहें ईयरफ़ोन ,हेडफोन का उपयोग करने से बचें , अस्पताल में भर्ती प्रसूता महिलाओं को भी इसके लिए जागरूक करना होगा , क्योंकि नवजात में कई बार कमजोर सुनने की क्षमता हो सकती है । इसलिए समय पर जाँच कर उपचार से श्रवण दोष को कम किया जा सकता है ।इस दौरान बताया गया कि ऑडियोमेट्री मशीन से खंडवा जिले सहित आसपास के जिलों को भी इसका लाभ मिल रहा है । पिछले तीन वर्षों में ऑडियोमेट्री से 3401 लोगों को उपचार दिया जा चुका है । ओ.ए.इ. मशीन द्वारा नवजात बच्चों की सुनने की जाँच भी की जाती है तथा बी.ई.आर.ए. एवं पी.टी.ए. टेस्ट भी किए जा रहे हैं । पहले इस जांच के लिए इंदौर जाना पड़ता था परंतु मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल एवं प्रशासन के सहयोग से यहाँ पर सभी सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।इस दौरान अपील की गई कि अन्य अंगों की तरह अपने कान का ध्यान रखना चाहिए क्योंकि कान हमारे शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है । किसी भी प्रकार की सुनने संबंधी समस्या होने पर तत्काल डॉक्टर से परामर्श लें । प्रति मंगलवार को पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरण किए जाते हैं तथा जिनको श्रवण संबंधी समस्या है , उन्हें डॉ. के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा हियरिंग यंत्र प्रदान किए जाते हैं । आधुनिक मशीनों से श्रवण संबंधी सभी जाँचों का होना बड़ी उपलब्धि है । उसके पश्चात स्वास्थ्य शिविर में आए 97 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयाँ भी दी गईं । कार्यक्रम का संचालन डॉ. मरियम खान द्वारा किया गया । इस अवसर पर संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक डॉ. रंजीत बड़ोले , डॉ. कृष्णा दादू , सहायक अस्पताल मैनेजर यशवंत सोलंकी , सहायक अधीक्षक संतोष मोखले , दिव्यांग एकता एवं कल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष आर.जी सोनी एवं उपाध्यक्ष श्री मदन चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे ।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!