कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने किया परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण
परीक्षार्थी अपनी तैयारी पर भरोसा रखें और डरे नहीं
खरगोन से अनिल बिलवे की रिपोर्ट /रमाध्यमिक शिक्षा मण्डल मप्र भोपाल की कक्षा 12वीं की परीक्षा 25 फरवरी से जिले के 87 परीक्षा केन्द्रों पर प्रारंभ हो गई है। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने सरस्वती विद्या मंदिर खरगोन एवं गायत्री शिक्षा निकेतन खरगोन परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं को देखा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आकाश सिंह ने शासकीय कन्या उमावि खरगोन के परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण किया।
कलेक्टर सुश्री मित्तल ने बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी। उन्होंने अपने संदेश में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि परीक्षा एक अवसर है, चुनौती नहीं। इसलिए, सभी विद्यार्थी आत्मविश्वास और सकारात्मकता के साथ परीक्षा में भाग लें। उन्होंने छात्रों को यह भी सलाह दी कि वे परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के तनाव से दूर रहें और शांत मन से प्रश्नों को हल करें।
कलेक्टर सुश्री मित्तल ने विद्यार्थियों को परीक्षा के समय संयम बनाए रखने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समय का सही प्रबंधन करना और प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़ना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से यह भी कहा कि वे अपनी तैयारी पर भरोसा रखें और बिना किसी डर के परीक्षा दें। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी याद दिलाया कि सफलता सिर्फ अंकों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि यह उनके ज्ञान, कौशल और चरित्र का भी प्रतिबिंब है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें जीवन में हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।











