
सांसद श्री पाटील ने जांच करवाकर किया निरोगी काया अभियान का शुभारंभ
स्वास्थ्य संस्थाओं में 30 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों की की जा रही जाँच
खंडवा 20 फरवरी, 2025 – 20 फरवरी से 31 मार्च 2025 तक चलाये जा रहे निरोगी काया अभियान का शुभारंभ खण्डवा सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में लगाये गये शिविर में अपनी जाँच करवाकर किया। इस दौरान मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज राय व जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। शिविर में कलेक्ट्रेट कार्यालय के 195 अधिकारी कर्मचारियों व अन्य की बी.पी. व शुगर की जाँच की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत ने इस अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि निरोगी काया अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उपस्वास्थ्य केन्द्र, शहरी एवं ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक में 30 वर्ष से अधिक उम्र के सभी नागरिकों की असंचारी रोगों की जाँच व उपचार कर दवाईयाँ दी जा रही हैं। असंचारी रोग जैसे उच्च रक्तचाप व मधुमेह ऐसी बीमारियां हैं , जो एक व्यक्ति से दूसरे में नही फैलतीं। इनके लक्षण धीरे-धीरे उभरते हैं। इन बीमारियों के लिए लम्बे समय तक देखभाल की जरुरत होती है। आजकल बच्चों में भी इनके लक्षण देखने को मिल रहे हैं। सिरदर्द, चक्कर आना, धुंधली दृष्टि, सांस लेने में दिक्कत, छाती में दर्द, बार-बार पेशाब आना, अत्यधिक प्यास लगना, अचानक वजन घटना, थकान महसूस होना इत्यादि उच्च रक्तचाप व मधुमेह के लक्षण हैं । जनसमुदाय को जानकारी देते हुए बतायें कि ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत ही नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर जाँच करवायें । साथ ही नियमित व्यायाम, संतुलित आहार लें व धुम्रपान न करें। डॉ. जुगतावत ने सभी नागरिकों से अपील की है कि स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए बी.पी. व शुगर की जाँच नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर अवश्य करवाकर दूसरों को भी जाँच के लिए प्रेरित करें, ताकि समय पर बीमारी का उपचार हो सके। इस दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रश्मि कौशल, नोडल अधिकारी डॉ. विशाल श्रीवास्तव व पैरामेडिकल स्टॉफ मौजूद थे।











