मध्यप्रदेश

उप मुख्यमंत्री ने दुर्मनकूट में देवरहा बाबा की प्रतिमा का किया महाभिषेक

दुर्मनकूट में पच्चीस मंदिर, गुफा, अनेक प्रतिमाएं तथा अन्य स्थल हैं

रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्य प्रदेश
रीवा जिले के गुढ़ तहसील के ग्राम दुआरी में दुर्मनकूट धाम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने ब्रम्हर्षि देवरहा बाबा की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लिया। उप मुख्यमंत्री ने देवरहा बाबा की प्रतिमा का महाभिषेक तथा पूजा अर्चना की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरहा बाबा ईश्वर तुल्य संत थे। बड़े-बड़े राजनेता और अन्य लोग उनका आशीर्वाद पाने के लिए लालायित रहते थे। उनके जैसा संत सदियों में जन्म लेता है। देवरहा बाबा ने दुर्मनकूट की गुफा में वर्षों साधना की थी। उनकी यह तपोभूमि प्राकृतिक सौंदर्य और आस्था का केन्द्र बनेगी। पूरे स्थल का सुव्यवस्थित विकास किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्मनकूट में विकास के कई कार्य किए जा रहे हैं। भावी पीढ़ी इन जैसे स्थानों से प्रेरणा लेकर प्रकृति और सनातन का महत्व समझेगी। विकास के साथ-साथ हमें अपनी परंपराओं को भी सहेजना है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता कहीं भी असहाय नहीं रहेगी। भैरवनाथ मंदिर के समीप पाँच हजार गायों के लिए गौशाला का निर्माण किया जा रहा है। विधायक के प्रयासों से भैरवनाथ में भी भव्य मंदिर तैयार हो गया है। औद्योगिक क्षेत्र गुढ़ तथा नगर पंचायत गुढ़ को पर्याप्त पानी देने के लिए बीस करोड़ रुपए की लागत से जल प्रणाली विकसित की जा रही है। इससे पाँच एमएलडी पानी प्राप्त होगा। इन सभी कार्यों का अगले माह मुख्यमंत्री लोकार्पण करेंगे। दुर्मनकूट में 25 मंदिर, गुफा, अनेक प्रतिमाएं तथा अन्य स्थल हैं। मुख्य मार्ग से दुर्मनकूट तक की सड़क का निर्माण विधायक निधि से किया जाएगा। समारोह के संयोजक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि परम तपस्वी देवरहा बाबा ने दुर्मनकूट में वर्षों बरस तपस्या की। इस स्थल को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। समारोह में दुर्मनकूट विकास समिति अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए क्षेत्र में सिंचाई सुविधा देने, गौशाला निर्माण, उप स्वास्थ्य केन्द्र खोलने तथा मगरदहा बांध निर्माण की मांग रखी।समारोह स्थल में स्वास्थ्य विभाग तथा आयुर्वेद विभाग द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर लगाकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। समारोह में अध्यक्ष नगर निगम रीवा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नगर पंचायत गुढ़ की अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!