ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

रोबोटिक्स लैब में तैयार हो रहे युवा इनोवेटर, तकनीक से खोज रहे हैं समस्याओं के समाधान

 

 

झाबुआ। शिक्षा अब केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रही। केशव इंटरनेशनल स्कूल, झाबुआ की रोबोटिक्स एवं इनोवेशन लैब में विद्यार्थी आधुनिक तकनीक सीखते हुए रियल लाइफ समस्याओं के समाधान विकसित कर रहे हैं।

 

रोबोटिक्स प्रशिक्षक पवनेंद्र सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों अविरल टवली (कक्षा 8), अमोघ भारद्वाज (कक्षा 10), नैतिक सोनी (कक्षा 9), विरम मोदी (कक्षा 8), भाविक खतेड़िया (कक्षा 5) एवं रुद्र लोखंडे (कक्षा 8) ने कई नवाचारपूर्ण प्रोजेक्ट तैयार किए हैं। इनमें सोलर फैन, रिचार्जेबल हैंडी फैन, ब्लूटूथ कंट्रोल स्मार्ट कार, ऑब्स्टेकल अवॉइडिंग कार, ऑटोमैटिक फॉगर सिस्टम और ड्रोन जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।

 

विशेष आकर्षण एक ऐसी मोटराइज्ड साइकिल रही, जिसे विद्यार्थी टीम ने स्वयं विकसित किया है। यह सामान्य साइकिल की तरह भी चलती है और आवश्यकता पड़ने पर इंजन की सहायता से कठिन रास्तों पर भी आसानी से उपयोग की जा सकती है।

 

विद्यालय में विद्यार्थियों को केवल तकनीक का उपयोग करना नहीं, बल्कि उसे समाज और पर्यावरण की समस्याओं के समाधान से जोड़ना भी सिखाया जा रहा है। यही कारण है कि बच्चे कम उम्र में ही नवाचार, वैज्ञानिक सोच और आत्मविश्वास के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार कर रहे हैं।

 

आज जब दुनिया कौशल आधारित शिक्षा की ओर बढ़ रही है, ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को सीखने, सोचने और कुछ नया करने के अवसर प्रदान कर रहे हैं।

विद्यालय संचालक अथर्व जी शर्मा ने कहा “हाथों से सीखना, दिमाग से सोचना और समाज के लिए समाधान बनाना — यही भविष्य की वास्तविक शिक्षा है।”

प्राचार्य शालू जैन ने बताया कि आने वाले समय में और भी कई रियल लाइफ प्रॉब्लम सॉल्विंग प्रोजेक्ट्स पर कार्य किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को उद्योगों और भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा सके।

 

उपप्राचार्य जितेंद्र खतेडिया ने बताया कि जहाँ सभी बच्चे छुट्टियाँ मना रहे थे, वहीं हमारे युवा इनोवेटर्स भविष्य की तकनीक गढ़ रहे थे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!