ताज़ा ख़बरें

समारोह पूर्वक मनाया गया मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस

जनजातीय कार्य विभाग मंत्री डॉ शाह ने किया ध्वजारोहण

जिला संवाददाता-तनीश गुप्ता

खण्डवा-मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस शुक्रवार को जिले में हर्षोल्लास एवं समारोह पूर्वक मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउण्ड पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुर्नवास मंत्री कुंवर विजय शाह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और माँ भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया।
कार्यक्रम में मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुरूआत प्रदेश सरकार द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर प्रदेश का प्रेम, प्रदेश का गौरव, प्रदेश की तरक्की, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रभावना, और राष्ट्रीय तिरंगा झण्डा फहराने का मान सम्मान एवं स्वाभिमान का दिन है।उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि 1 नवम्बर मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के दिन मेरा जन्म हुआ। मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि हमारे प्रदेश के बच्चे प्रदेश की तरक्की के बारे में जाने समझें, हमारी संस्कृति,सभ्यता, कला, रीतिरिवाज,संस्कार को जाने इसके लिए आने वाले समय में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। मंत्री डॉ. शाह ने अपने और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दी।
कार्यक्रम में शासकीय उत्कृष्ट रायचंद नागड़ा स्कूल खण्डवा एवं शासकीय एम.एल.बी. स्कूल खण्डवा की छात्राओं ने राजस्थानी एवं गणगौर लोक नृत्य पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती अमृता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी वानखेड़े, कलेक्टर श्री अनूप कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार राय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्री के. आर. बड़ोले, सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिकगण उपस्थित थे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!