ताज़ा ख़बरें

नगर निगम के करोड़ों के विकास कार्यों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, जांच की मांग

खास खबर

नगर निगम के करोड़ों के विकास कार्यों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, जांच की मांग

सीवरेज, जल निकासी, अमृत 2.0, सड़कों से लेकर दुकानों-संपत्तियों तक की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग

जनता की मूलभूत समस्या के लिए, नगरीय प्रशासन आयुक्त से मिलने का समय नही देने पर भड़की प्रतिभा रघुवंशी

महापौर द्वारा प्रेसवार्ता कर 850 करोड़ के बताए गए विकास कार्य ,जनता को धरातल पर नही दिखते हैं “प्रतिभा रघुवंशी”

खंडवा/
नगर निगम खंडवा द्वारा शहर में कराए जा रहे सीवरेज, जल निकासी, सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और निगरानी को लेकर दिनांक 8 अगस्त को खंडवा दौरे के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त से समय नहीं मिलने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने कांग्रेस पार्षद दल के साथ गांधी भवन में शाम 5 बजे प्रेस वार्ताकार अपनी बात रखी एवं पत्र के नाम माध्यम से विभिन्न मामलों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने बारिश के दौरान शहर में जलभराव और निचली बस्तियों में गंदे-मटमैले पानी की समस्या का हवाला देते हुए निगम के कामकाज पर सवाल उठाए हैं।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि पत्र में कहा गया है कि नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपए की लागत से सीवरेज, जलापूर्ति, सड़क और अन्य विकास कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन इन कार्यों की गुणवत्ता, निगरानी, पारदर्शिता और परिणामों को लेकर गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं। कांग्रेस ने प्रमुख मामलों की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

सीवरेज और ड्रेनेज कार्यों का तकनीकी ऑडिट हो

कांग्रेस ने सीवरेज एवं ड्रेनेज परियोजनाओं में पाइप, निर्माण सामग्री, लेवल, डिजाइन और कार्य की गुणवत्ता को लेकर शिकायतों का उल्लेख किया है। पत्र में कहा गया है कि लेआउट शीट और तकनीकी दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। मांग की गई कि इन कार्यों का स्वतंत्र तकनीकी ऑडिट कराया जाए तथा लेवल शीट, स्वीकृत नक्शे, भुगतान और कार्य की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों की जिम्मेदारी तय करने की बात कही गई है।

नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल

शहर की मुख्य सड़कों पर पेचवर्क के बावजूद अंदरूनी गलियों में नालियां गंदगी से भरी होने तथा कई स्थानों पर सड़कें खराब होने का मुद्दा भी उठाया गया है। कांग्रेस ने प्रत्येक वार्ड में नालियों और सड़कों का भौतिक निरीक्षण कर नियमित सफाई, जल निकासी और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

मॉल और बहुमंजिला भवनों में पार्किंग की जांच

शहर के बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स और मॉल में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से मुख्य सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ने की बात पत्र में कही गई है। न्यायालयीन निर्देशों और नगर निगम द्वारा जारी नोटिस के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने की जांच कराने तथा स्वीकृत नक्शे के अनुसार पार्किंग व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।

गणेश विसर्जन कुंड के निर्माण की भी जांच

गणेश विसर्जन के लिए बनाए गए कुंड के निर्माण की निविदा, स्वीकृति, खर्च की गई राशि, कार्य एजेंसी और भुगतान से संबंधित पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की गई है। कांग्रेस ने यह भी पूछा है कि यदि कार्य निविदा प्रक्रिया के बिना कराया गया तो किस प्रक्रिया के तहत इसे कराया गया, इसकी जांच की जाए।

नगर निगम की दुकानों और संपत्तियों का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग

कांग्रेस ने नगर निगम की कुल दुकानों एवं अन्य व्यावसायिक संपत्तियों की सूची, किराए पर दी गई संपत्तियों, उनसे प्राप्त मासिक अथवा वार्षिक आय और उस राशि के उपयोग का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।

अमृत जलधारा और नर्मदा जल योजना की स्थिति पर भी सवाल

पत्र में नर्मदा जल योजना एवं अमृत जलधारा की वास्तविक स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। कांग्रेस का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद नागरिकों को अपेक्षित शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। बारिश के दौरान गंदे और मटमैले पानी की समस्या का भी उल्लेख किया गया है। योजना के तहत स्वीकृत राशि, किए गए कार्य, पाइपलाइन की स्थिति और लाभान्वित परिवारों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की गई है।

अमृत-2 के कार्यों की गुणवत्ता की जांच की मांग

नगर निगम द्वारा अमृत-2 योजना के माध्यम से कराए जा रहे दूध तलाई सौंदर्यीकरण, झीलोध्यान सौंदर्यीकरण, पद्मकुंड सौंदर्यीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों की गुणवत्ता पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। पत्र में कहा गया कि इन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए और काम की निगरानी सुनिश्चित हो।

पुरानी नगर निगम इमारत तोड़ने से पहले गांधी प्रतिमा के संरक्षण की मांग

कांग्रेस ने पुरानी नगर निगम इमारत को तोड़कर नया भवन बनाने की स्थिति में वहां स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखने की स्पष्ट योजना सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही नई इमारत में प्रतिमा के लिए निर्धारित एवं सम्मानजनक स्थान सुनिश्चित करने तथा भवन के उद्घाटन के बाद प्रतिमा की स्थापना की व्यवस्था करने की बात कही गई है।

लाल चौकी रेलवे गेट पर फ्लाईओवर की मांग

पत्र में लाल चौकी रेलवे गेट पर रोजाना ट्रेनों की आवाजाही के कारण नागरिकों को होने वाली परेशानी का मुद्दा भी उठाया गया है। कांग्रेस ने बताया कि वर्तमान में खंडवा से सनावद तक ट्रेनों का संचालन हो रहा है और इंदौर तक ब्रॉडगेज कार्य पूरा होने के बाद इस मार्ग पर और ट्रेनों का संचालन बढ़ सकता है। ऐसे में लाल चौकी रेलवे गेट पर फ्लाईओवर बनाने की पुरानी मांग को आगे बढ़ाते हुए विभागीय स्तर पर स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया गया है।

नागचुन तालाब के विकास और पर्यटन सुविधाओं की मांग

शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल नागचुन तालाब के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए सड़क, प्रकाश, स्वच्छता, हरियाली, बैठने की व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाएं विकसित करने और बोट क्लब शुरू करने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक बजट उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

विकास प्राधिकरण गठित कर 20-25 साल की योजना बनाने का सुझाव

कांग्रेस ने खंडवा विकास प्राधिकरण का गठन कर उसका मुख्यालय खंडवा में बनाए जाने की मांग की है। पत्र में शहर के सुनियोजित विकास के लिए आगामी 20 से 25 वर्षों की दीर्घकालीन विकास योजना तैयार करने का सुझाव दिया गया है, जिसमें यातायात, आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र, पार्क, पर्यटन तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को शामिल करने की मांग की गई है।

कांग्रेस ने आयुक्त से सभी मामलों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने, संबंधित दस्तावेज और वित्तीय विवरण सार्वजनिक करने तथा अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
इस अवसर पर प्रतिभा रघुवंशी के साथ आशी सिलावट,संगठन महासचिव विकास व्यास,ब्लॉक अध्यक्ष विशाल जैन,पार्षद तारिक बबलू पटेल,असलम गौरी,अय्यूब लाला, चंदन राजपूत,यशवंत सिलावट,प्रवक्ता प्रेमांशु जैन,अनिल जाधव,दिव्यांश ओझा,वकील नीलकंठ सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!