
चौपारण। प्रखंड की दैहर पंचायत के चर्चित पासी टोला में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का समाधान हो गया है। पंचायत के मुखिया ब्रह्मदेव भुईया के प्रयास से टोला में नया चापाकल स्थापित कर ग्रामीणों को समर्पित कर दिया गया। पिछले लगभग एक माह से पेयजल संकट ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ था और इसे लगातार प्रमुख मुद्दे के रूप में उठाया जा रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि चापाकल लगने से अब पासी टोला के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। पहले लोगों को पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था, जिससे काफी परेशानी होती थी। नया चापाकल चालू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
मुखिया ने कहा कि पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक गांव में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। जहां भी पेयजल जैसी आवश्यक समस्याओं की जानकारी मिलती है, वहां त्वरित समाधान का प्रयास किया जाता है। उन्होंने ग्रामीणों से चापाकल के रखरखाव में सहयोग करने की भी अपील की।चापाकल के उद्घाटन के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने मुखिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयास की सराहना की। समाजसेवी नागेंद्र कुमार ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि समय पर पेयजल समस्या का समाधान होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को इसी तरह प्राथमिकता देने की अपील की।













