झारखंड

दिनदहाड़े सूने घर में चोरी, नकदी समेत लाखों के गहने ले उड़े चोर

 

चौपारण। प्रखंड के दादपुर गांव में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर नकदी और सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, दादपुर निवासी बिनोद कुमार दांगी का परिवार धान रोपाई के लिए बिहन कबाड़ने खेत गया हुआ था। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और गोदरेज का ताला तोड़कर उसमें रखे 45 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी सोने के मंगलसूत्र, जितवाहन, नकबेसर सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।

खेत से लौटने पर परिजनों ने घर का सामान बिखरा देखा और नकदी व गहने गायब पाए। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल चौपारण थाना पुलिस को दी गई। पीड़ित बिनोद कुमार दांगी ने थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

सूचना मिलते ही चौपारण थाना के एसआई कृष्ण कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

इधर, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और छिनतई की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और लगातार हो रही घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!