
चौपारण। पूर्व विधायक उमा शंकर अकेला द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों पर पूछे गए सवाल के जवाब में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाकर कार्रवाई नहीं करती, बल्कि उपलब्ध साक्ष्यों और कानून के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करती है। उन्होंने कहा कि भगहर शराब बरामदगी मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान जारी है और जांच के दौरान जिस किसी की भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने कहा कि चौपारण पुलिस पर लगाए गए आरोप तथ्यों से परे हैं। पुलिस की लगातार हो रही कार्रवाई ही इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई 2026 को पुलिस ने 18 पेटी (864 बोतल) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 25 जुलाई को 18 पेटी (384 बोतल) तथा 27 जुलाई को 41 पेटी (1,968 बोतल) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि चौपारण पुलिस अवैध शराब तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। पुलिस पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कानून का पालन कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
पंकज कुमार ने कहा कि चौपारण पुलिस केवल कानून के प्रति जवाबदेह है और कानून से ऊपर कोई नहीं है। यदि किसी व्यक्ति के पास किसी भी मामले से संबंधित ठोस साक्ष्य हैं, तो उन्हें जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।













