



रिपोर्टर= भव्य जैन
झाबुआ। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के स्थापना दिवस 2 जुलाई को इस वर्ष से “भारतीय शिक्षा दिवस” के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में केशव इंटरनेशनल स्कूल में भारतीय शिक्षा सप्ताह के अंतर्गत विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
विद्यालय की प्राचार्या शालू जैन ने शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की स्थापना, उसके उद्देश्यों तथा भारतीय ज्ञान परंपरा एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के निर्माण में उसके वैचारिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भारतीय शिक्षा के मूल्यों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इसी क्रम में विद्यालय में समरसता भोज का आयोजन किया गया। समरसता एवं समानता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सभी विद्यार्थियों से अपने घर से आलू की सूखी सब्जी (या भिंडी) एवं चार पराठे लाने का आग्रह किया गया। सभी विद्यार्थियों द्वारा लाई गई सब्जियों को एक बड़े पात्र में एकत्रित किया गया तथा भोजन के समय विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने एक साथ पंक्ति में बैठकर भोजन ग्रहण किया। इस आयोजन ने जाति, वर्ग एवं भेदभाव से ऊपर उठकर एकात्मता, सहयोग और भाईचारे का प्रेरक संदेश दिया।
विद्यालय के संचालक ओम जी शर्मा ने कहा, “भारतीय शिक्षा केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कार, समरसता, सेवा और राष्ट्रभाव का निर्माण भी करती है। समरसता भोज जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में समानता, आत्मीयता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को व्यवहारिक रूप से विकसित करती हैं। यही भारतीय शिक्षा की वास्तविक पहचान है।”
कार्यक्रम के अंत में सभी ने भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रहित के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
उपप्राचार्य जितेन्द्र खतेड़िया ने बताया कि विद्यालय में आगामी सप्ताह भर भारतीय शिक्षा सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं संस्कारपरक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।












