ताज़ा ख़बरें

स्लॉट बुकिंग की तकनीकी गड़बड़ियों से गेहूं उपार्जन प्रभावित, किसान परेशान:

खास खबर

स्लॉट बुकिंग की तकनीकी गड़बड़ियों से गेहूं उपार्जन प्रभावित, किसान परेशान:

सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने खाद्य मंत्री को लिखा पत्र।

पोर्टल की खामियों पर तत्काल सुधार की मांग, अन्नदाता को समय पर राहत देने पर जोर।

खंडवा। जिले सहित खंडवा संसदीय क्षेत्र में गेहूं उपार्जन व्यवस्था इस समय तकनीकी अव्यवस्थाओं की मार झेल रही है। उपार्जन पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग की गंभीर समस्याओं के चलते किसान अपनी उपज निर्धारित समय पर उपार्जन केंद्रों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं, जिससे पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े हो गए हैं। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इसी मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने मध्य प्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को एक औपचारिक पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
सांसद पाटिल ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि गेहूं उपार्जन हेतु विकसित ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग प्रणाली में लगातार तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं। कभी सर्वर डाउन तो कभी सिस्टम एरर के कारण किसान स्लॉट बुक नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उपार्जन प्रक्रिया बाधित हो रही है।
किसानों पर बढ़ता दबाव और आर्थिक नुकसान
इस अव्यवस्था का सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है—
उपज समय पर केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रही
उपार्जन में देरी से किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है
स्लॉट बुकिंग के लिए किसान लगातार केंद्रों और साइबर कैफे के चक्कर लगाने को मजबूर हैं
मानसिक तनाव और असंतोष की स्थिति भी लगातार बढ़ रही है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इधर भारतीय किसान संघ, खंडवा द्वारा भी इस समस्या को लेकर सांसद को ज्ञापन सौंपकर स्थिति से अवगत कराया गया था, जिसके बाद यह मामला और अधिक गंभीरता से लिया गया।
तत्काल सुधार की मांग
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने खाद्य मंत्री से आग्रह किया है कि किसानों के हित को सर्वोपरि रखते हुए स्लॉट बुकिंग प्रणाली की तकनीकी खामियों को तुरंत दूर किया जाए। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट एवं सख्त निर्देश जारी करने की मांग की है ताकि उपार्जन कार्य बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संचालित हो सके और अन्नदाता को राहत मिल सके।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!