
खाद वितरण केंद्र की दूरी कम करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जिला कांग्रेस अध्यक्ष के निवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को दिए निर्देश
खंडवा। मांधाता विधानसभा क्षेत्र के किसानों को खाद प्राप्त करने में हो रही परेशानियों को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी के नेतृत्व में मंगलवार 19 मई को कलेक्टर ऋषव गुप्ता को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए खाद वितरण केंद्र की दूरी कम करने की मांग की गई।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि कलेक्टर ऋषव गुप्ता को दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि मांधाता विधानसभा के अंतर्गत आने वाले गांव भोगांवा, मोरटक्का माफी, कोठी, बिल्लोरा बुजुर्ग, मोरघड़ी, धावड़िया, सुलगांव, कटार, इनपुन, निमाड़खेड़ी एवं बिल्लोरा खुर्द सहित कई गांवों के किसानों को वर्तमान में खाद प्राप्त करने के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के अनुसार इन गांवों के लिए खाद वितरण केंद्र मूंदी में निर्धारित किया गया है, जिसकी दूरी संबंधित गांवों से लगभग 50 से 70 किलोमीटर तक है। इतनी लंबी दूरी तय करने से किसानों का समय और परिवहन खर्च दोनों बढ़ रहे हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उत्तमपाल सिंह द्वारा ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए खाद वितरण केंद्र को बदलकर समीपस्थ स्थान सुलगांव या सनावद में निर्धारित किया जाए, ताकि क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को राहत मिल सके और समय पर खाद उपलब्ध हो सके। खाद की समस्या को कलेक्टर ने संज्ञान में लेकर तत्काल संबंधीत अधिकारी को निर्देशित किया कि किसानों को आ रही इस समस्या को लेकर गंभीरता से लेकर इसका निराकरण किया जाए।चुकी कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की थी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर)प्रतिभा रघुवंशी,सदाशिव भवरिया,पवन पाटीदार,मनोज भरतकर,नानकराम बड़वाहे,देवेंद्र सराफ,विशाल जैन,लव जोशी,दीपक मुल्लू राठौर,प्रेमांशु जैन सहित अन्य ग्रामीणजन एवं कांग्रेसजन मौजूद थे।









