ताज़ा ख़बरें

मरवाही वनमंडल की बड़ी कार्रवाई: पीपरखुटी सर्किल में अवैध लकड़ी कारोबार पर छापा, भारी मात्रा में साल-सागौन जब्त

वनमंडल मरवाही की टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी और चिरान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पीपरखुटी सर्किल में संचालित अवैध ठिकानों पर दबिश दी। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी मरवाही एवं उपवनमंडलाधिकारी गौरेला के मार्गदर्शन में गौरेला परिक्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में की गई।वन विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी चोरों के कई अवैध ठिकानों पर छापा मारकर साल, सागौन और बीजा लकड़ी का अवैध चिरान तथा लट्ठे बरामद किए। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संचालित आरा गड्डों को भी प्रतिबंधित किया गया।

वन विभाग के अनुसार मौके से लगभग 5 से 6 घनमीटर अवैध लकड़ी जब्त की गई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि लकड़ी को अवैध रूप से काटकर चिरान कर संग्रहित किया गया था, जिसे कार्रवाई के दौरान कब्जे में लिया गया।

कार्रवाई के दौरान विनय राठौर पिता लाल सिंह राठौर, घनाराम राठौर पिता रामू राठौर तथा मुन्ना पेंद्रो पिता आनंदी पेंद्रो निवासी पीपरखुटी, गौरेला के पास से अवैध लकड़ी बरामद हुई। संबंधित आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगलों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!