
रिपोर्टर = भव्य जैन
झाबुआ नगर के दिलीप सिंह भूरिया शासकीय आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय झाबुआ में उच्च शिक्षा विभाग एवं म.प्र. शासन के निर्देशानुसार प्राचार्य प्रो. पी. के. उछावर के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय कार्यबल (एनटीएफ) के संयुक्त तत्वावधान में “करियर चयन और योजना” विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. अर्पिता लाखरे (सहायक प्राध्यापक, सांख्यिकी, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर) उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि करियर का चुनाव केवल दूसरों की देखा-देखी नहीं, बल्कि अपनी रुचियों, क्षमताओं और कौशल को पहचानकर करना चाहिए। हर विद्यार्थी में अलग-अलग योग्यताएं होती हैं—कोई अच्छा वक्ता होता है, कोई चित्रकारी में निपुण होता है, तो कोई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करता है। इन्हीं योग्यताओं के आधार पर सही करियर का चयन संभव है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अल्पकालीन एवं दीर्घकालीन योजनाएं बनाने के प्रभावी तरीके भी समझाए।
प्राचार्य प्रो. पी. के. उछावर ने कहा कि ऐसे व्याख्यान विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की और मार्गदर्शन का लाभ उठाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूजा बघेल द्वारा किया गया तथा आभार प्रो. करिश्मा अवासे ने व्यक्त किया।









