
*नगर निगम साधारण सभा में 883.51 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत*

*महापौर की बड़ी घोषणाएं: संपत्ति कर में राहत, अस्थायी कर्मचारियों को एरियर्स, करदाताओं को अधिभार में छूट*
खंडवा, 01 अप्रैल 2026। नगर पालिक निगम खंडवा की साधारण सभा आज निगम सभागृह में सभापति श्री अनिल विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, एमआईसी सदस्य श्री राजेश यादव , श्री विक्की भांवरे, श्री आशीष चटकेले, श्रीमती उषा दीना पवार, श्री अनिल वर्मा , श्रीमती फ़िरोज़ा मार्शल एवं श्री सोमनाथ काले , समस्त पार्षदगण, नेता प्रतिपक्ष, पत्रकार बंधु तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत सामूहिक राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद देश की दिवंगत आत्माओं मान. श्री अजित पवार जी, उपमुख्यमंत्री महाराष्ट्र शासन, श्री गहीराम सीतलानी जी, पूर्व पार्षद, श्री सुनील हाथमोड़े जी, पूर्व पार्षद, श्री गणेश यादव जी, निगम कर्मचारी ,स्व श्री जितेंद्र चौधरी पूर्व पार्षद तथा खंडवा शहर, प्रदेश, देश एवं विदेश में आयी प्राकृतिक आपदाओं एवं दुर्घटनाओं में दिवंगत सभी विभूतियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात सचिव श्री एस.आर. सितोले ने सभापति से अनुमति प्राप्त कर सदन की कार्यवाही प्रारंभ की।
*सूरजकुंड क्षेत्र के विस्थापन पर महापौर ने दिया आश्वासन*
सभा के प्रारंभ में सूरजकुंड क्षेत्र में रेलवे द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के विषय को लेकर कुछ महिला प्रतिनिधियों ने महापौर एवं आयुक्त से चर्चा की।
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि इस विषय में रेलवे के केंद्रीय अधिकारियों तथा कलेक्टर महोदय से चर्चा की जा चुकी है। आवश्यकता पड़ने पर नगर निगम इस विषय का प्रस्ताव लेकर मुख्यमंत्री महोदय के पास भी जाएगा।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चीराखदान मल्टी में उपलब्ध आवासों को सूरजकुंड क्षेत्र में अतिक्रमण कार्यवाही से प्रभावित पात्र परिवारों को शिविर लगाकर आवास आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की लगातार मॉनिटरिंग किए जाने का भी आश्वासन दिया गया।
*महापौर ने की बड़ी घोषणाएं*
सभापति श्री अनिल विश्वकर्मा की अनुमति से महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने सदन में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
महापौर ने कहा कि पूर्व में 3 वर्ष बाद संपत्ति कर 9.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 19 प्रतिशत किया जाता था, किंतु अब जनहित को ध्यान में रखते हुए इसे पुनः 9.5 प्रतिशत ही रखा जाएगा।
उन्होंने घोषणा की कि नियमित कर्मचारियों को एरियर्स की राशि पूर्व में दो किश्तों में दी जा चुकी है। अब अस्थायी कर्मचारियों को भी एरियर्स की राशि 3 समान किश्तों में प्रदान की जाएगी।
महापौर ने बताया कि वर्तमान में लोक अदालत के प्रावधानों में जल उपभोक्ता प्रभार के चालू वर्ष के अधिभार में छूट नहीं दी जाती है। इस संबंध में निगम द्वारा शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा कि चालू वर्ष के अधिभार में भी लोक अदालत के माध्यम से छूट मिल सके।
इसके अतिरिक्त नगर के करदाताओं को राहत देने के लिए 1 अप्रैल से 30 जून तक संपत्ति कर एवं जल उपभोक्ता प्रभार के अधिभार में 100 प्रतिशत तथा 1 जुलाई से 30 सितंबर तक 50 प्रतिशत छूट दिए जाने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जाएगा।
महापौर ने यह भी घोषणा की कि जिन रिक्त भूखंडों पर तीन वर्ष तक निर्माण नहीं हुआ है, उन पर निर्मित भवन की दर से कर लगाने की व्यवस्था समाप्त कर रिक्त भूखंड की दर से ही कर आरोपित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
*883.51 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत*
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने इसके बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु नगर पालिक निगम खंडवा का 883.5155 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया। कुल प्रस्तावित व्यय 883.5042 करोड़ रुपये रखा गया है।
महापौर ने बताया कि निगम की आय के प्रमुख स्रोतों में संपत्ति कर, जलकर, समेकित कर, शिक्षा उपकर, दुकान किराया, नए शॉपिंग मॉल का प्रीमियम, नए नल कनेक्शन, ट्रांसपोर्ट नगर प्लॉट विक्रय, दुकानों एवं गोदामों की नीलामी, चुंगी क्षतिपूर्ति, 15वां एवं 16वां वित्त, राज्य वित्त, अमृत 2.0, सीबीजी परियोजना तथा स्पेशल फंड शामिल हैं।
व्यय पक्ष में कर्मचारियों के वेतन, एनपीएस, बिजली बिल, जलप्रदाय, स्वच्छता, लिगेसी वेस्ट प्रबंधन तथा प्रशासनिक व्ययों के लिए राशि रखी गई है।
*विकास कार्यों पर विशेष फोकस*
महापौर ने कहा कि आगामी वर्ष में नगर निगम द्वारा शहर में कई बड़े विकास कार्य किए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से सीवरेज परियोजना, रोड निर्माण एवं डामरीकरण, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, टाउनशिप, पीएम आवास, शॉपिंग मॉल, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, सीबीजी प्लांट, गणगौर घाट विकास, पद्मकुंड एवं रामेश्वर कुंड विकास, हरिश्चंद्र मुक्तिधाम, स्कूल मरम्मत, अर्बन फॉरेस्ट, सीसी रोड तथा विभिन्न स्थानों पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण शामिल हैं।
बजट में सीवरेज परियोजना के लिए 252 करोड़ रुपये, रोड के स्पेशल असिस्टेंस के लिए 60 करोड़ रुपये, शॉपिंग मॉल के लिए 46 करोड़ रुपये, टाउनशिप एवं डामरीकरण के लिए 41 करोड़ रुपये तथा नवकार नगर पीएम आवास के लिए 41.34 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
*प्रश्नकाल में विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा*
बजट प्रस्तुति के बाद प्रश्नकाल आयोजित हुआ, जिसमें आवास, जल, स्वच्छता, कॉलोनी विकास तथा अन्य विषयों पर पक्ष एवं विपक्ष के बीच स्वस्थ चर्चा हुई।
पार्षद श्रीमती रूबी तनवीर खान द्वारा होर्डिंग एवं फ्लेक्स से संबंधित लगभग 11 प्रश्न सदन में रखे गए, जिनकी विस्तृत जानकारी सचिव श्री एस.आर. सितोले ने दी।
इसी प्रकार पार्षद श्री मोहम्मद शब्बीर कादरी द्वारा पानी के टैंकरों से संबंधित लगभग 8 प्रश्न, कॉलोनी विकास से संबंधित 7 प्रश्न तथा विद्युत सामग्री से संबंधित लगभग 11 प्रश्न सदन में प्रस्तुत किए गए। इन सभी प्रश्नों का एमआईसी सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा विस्तृत एवं संतोषजनक उत्तर दिया गया। एवं समस्त विषयों पर पर्याप्त चर्चा उपरांत ही सभा समाप्त की गई ।
*शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई सभा*
साधारण सभा के दौरान विभिन्न विषयों पर गंभीर चर्चा हुई, किंतु पूरी कार्यवाही शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। अंत में सभापति श्री अनिल विश्वकर्मा ने सभी पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया।










